कुरुक्षेत्र, 21 मई 2025: 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर हरियाणा योगमय नजर आएगा। इस बार 21 जून को राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन जिला कुरुक्षेत्र में किया जाएगा, जिसमें लगभग एक लाख से अधिक लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध योग गुरु बाबा रामदेव भी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से वर्ष 2015 से हर साल 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जा रहा है। योग के महत्व और इसके वैश्विक स्वीकार्यता को ध्यान में रखते हुए इस बार हरियाणा में भी व्यापक तैयारी की गई है।
योग दिवस 2025 का थीम: “Yoga for One Earth, One Health”
इस वर्ष की थीम है “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग”, जो हमें प्रकृति और स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को समझने के लिए प्रेरित करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक कसरत नहीं, बल्कि सम्पूर्ण जीवनशैली का हिस्सा है, जो हमें स्वस्थ भारत और स्वस्थ हरियाणा की ओर ले जाएगा।
प्रदेश भर में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे
राज्य सरकार द्वारा पूरे हरियाणा में जिला, खंड और ब्लॉक स्तर पर भी योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 121 ब्लॉकों में विशेष खंड स्तरीय आयोजन होंगे। इसके साथ ही, आयुष विभाग द्वारा तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में संचालित किए जाएंगे। मंत्रीगण, सांसद, विधायक और अधिकारी भी इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
योग के साथ नशामुक्त हरियाणा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि योग दिवस के अवसर पर योग युक्त हरियाणा – नशामुक्त हरियाणा अभियान की शुरुआत होगी, जिससे समाज में नशा खत्म करने का संदेश दिया जाएगा। साथ ही, हरित योग के माध्यम से 10 लाख पौधारोपण का भी संकल्प लिया गया है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
जनता को किया योग महोत्सव में शामिल होने का आह्वान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे योग महोत्सव में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें और घर की छत, पार्क या खुले स्थानों पर योग करें ताकि योग का संदेश पूरी दुनिया में फैल सके। योग दिवस के लिए एक विशेष पंजीकरण पोर्टल भी तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से 10 लाख युवाओं को जोड़ा जाएगा।
कोविड-19 पर अपडेट
कोरोना के बढ़ते मामलों के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने लोगों को घबराने की जरूरत नहीं बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
