हिसार, 10 जून: हरियाणा के लोगों के लिए हवाई यात्रा अब और भी आसान हो गई है। हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए पहली फ्लाइट ने सोमवार को ऐतिहासिक उड़ान भरी। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने न केवल फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई, बल्कि स्वयं भी इस यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, रणबीर गंगवा, विधायक सावित्री जिंदल, भव्य बिश्नोई और अन्य गणमान्य नेता भी फ्लाइट में सवार हुए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!CM सैनी बोले: “2047 तक बदलेगी हिसार की तस्वीर”
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा, “यह केवल उड़ान नहीं, हिसार के विकास की नई ऊंचाई है। जयपुर, जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी जल्द उड़ानें शुरू की जाएंगी।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि हिसार आने वाले समय में इंडस्ट्रियल हब के रूप में उभरेगा और यह एयरपोर्ट राज्य के 2.80 करोड़ लोगों के लिए सुविधा लेकर आया है।
सीएम ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में 150 से ज्यादा एयरपोर्ट, IIT और IIM जैसे संस्थान बने हैं और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम चल रहा है।
नौकरियों में पारदर्शिता का दावा
सीएम सैनी ने हरियाणा सरकार की भर्तियों में पारदर्शिता की सराहना करते हुए कहा, “पहले नौकरी में ‘माल’ चलता था, अब ‘कमाल’ हो रहा है।” उन्होंने बताया कि प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं और MBBS की सीटें 700 से बढ़कर 2500 हो चुकी हैं, जो 2029 तक 3500 तक पहुंचेंगी।
सप्ताह में दो दिन उड़ेगी फ्लाइट, टिकट ₹1449 से शुरू
हिसार-चंडीगढ़ के बीच यह फ्लाइट सप्ताह में सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। उड़ान का समय करीब 1 घंटा होगा और किराया ₹1449 से ₹1704 के बीच रहेगा। एलायंस एयर की यह सेवा फ्लेक्सी किराया मॉडल के तहत उपलब्ध है। अभी तक सड़क मार्ग से यह दूरी तय करने में 4 घंटे, और ट्रेन से 7 घंटे लगते थे, जबकि अब हवाई यात्रा से यह सफर काफी आसान और तेज हो गया है।
PM मोदी ने की थी हिसार से उड़ानों की शुरुआत
गौरतलब है कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार से दिल्ली और अयोध्या के लिए उड़ान की शुरुआत की थी। तब से अब तक 750 से अधिक यात्री अयोध्या के लिए उड़ान भर चुके हैं। गर्मियों की छुट्टियों और सुविधाजनक यात्रा के चलते यात्री संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
