हिसार। भादव बदी अष्टमी के अवसर पर हिसार में श्री गुरु जम्भेश्वर भगवान का जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। बिश्नोई सभा, हिसार की ओर से 4 सितंबर 2026 को बिश्नोई मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बिश्नोई सभा के प्रधान जगदीशचंद्र कड़वासरा ने बताया कि सभा की ओर से वर्ष 1945 से हर साल भादव बदी अष्टमी पर गुरु जम्भेश्वर भगवान का जन्मोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस बार भी कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
3 सितंबर को होगा सर्वधर्म सम्मेलन
महोत्सव की शुरुआत 3 सितंबर की शाम सर्वधर्म सम्मेलन से होगी। इसमें विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि बिश्नोई मंदिर पहुंचकर धार्मिक चर्चा में हिस्सा लेंगे।
हवन-यज्ञ से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
4 सितंबर को सुबह 6:30 बजे हवन-यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे ध्वजारोहण और धार्मिक प्रवचन होंगे। सुबह 10 बजे समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा, जबकि 11 बजे मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत होगी।
मुख्य कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा उपाध्यक्ष एवं आदमपुर के पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई करेंगे।
कार्यक्रम में बिश्नोई समाज और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।
शाम को निकलेगी धार्मिक झांकी, रात में जागरण
4 सितंबर की शाम स्कूली बच्चों द्वारा श्री गुरु जम्भेश्वर भगवान से जुड़ी झांकियों के दर्शन करवाए जाएंगे। इसके बाद रात में जागरण का आयोजन होगा।
वहीं 5 सितंबर 2026 को हवन एवं यज्ञ के साथ श्री गुरु जम्भेश्वर जन्माष्टमी महोत्सव का समापन किया जाएगा।
बिश्नोई सभा के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य गुरु जम्भेश्वर भगवान के संदेशों और शिक्षाओं को समाज तक पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक एकता और धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देना है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
