Friday , 25 September 2026
पुलिस ने आरोपियों के सिर मुंडवाकर पटेल नगर में घुमाया
पुलिस ने आरोपियों के सिर मुंडवाकर पटेल नगर में घुमाया

हिसार में रंगदारी के आरोप में 5 गिर*फ्तार, पुलिस ने आरोपियों के सिर मुंडवाकर पटेल नगर में घुमाया|

हिसार: हिसार के पटेल नगर में दो कपड़ा व्यापारियों भाइयों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर तीन लाख रुपये की मंथली नहीं देने पर हमला करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों के सिर मुंडवाए और उन्हें पटेल नगर की गलियों में घुमाया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों और टीम के साथ पुलिस की गाड़ियां भी मौके पर मौजूद थीं।

तीन लाख रुपये की मंथली मांगने का आरोप

मामला पटेल नगर की गली नंबर 10 का है। यहां परचून की दुकान चलाने वाले दो भाइयों सोनू और सुनील पर हमला किए जाने की शिकायत सामने आई थी।

पीड़ितों के मुताबिक, आरोपियों ने उनसे तीन लाख रुपये की मंथली देने की मांग की थी। मना करने के बाद बुधवार रात करीब पौने 10 बजे हथियारों से लैस 7-8 युवकों ने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने लाठी और तेजधार हथियारों से दोनों भाइयों को घायल किया। इस दौरान दुकान और मकान के दरवाजों तथा शीशों में भी तोड़फोड़ की गई। दोनों घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

CCTV में कैद हुई थी हमले की घटना

हमले की घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया था, जिसमें कुछ युवक लाठी और तेजधार हथियारों के साथ हमला करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की।

पीएलए चौकी पुलिस के अनुसार, पीड़ित भाइयों के बयान के आधार पर धमकी और जानलेवा हमले सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

चंद घंटों में पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ गोल्डन, मोहित उर्फ रोज, काकू उर्फ मंगल, मोहित उर्फ भैया और आकाश के रूप में बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे कार्तिक और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

कार्तिक गैंग से जुड़े होने का आरोप

पुलिस और शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वारदात में शामिल आरोपी कार्तिक गैंग से जुड़े हैं। पीड़ितों के अनुसार, करीब तीन महीने पहले भी उनसे मंथली की मांग की गई थी। उस समय मामला पुलिस तक पहुंचने से पहले परिचितों के जरिए समझौता हो गया था।

पुलिस के अनुसार, पटेल नगर क्षेत्र में सक्रिय कुछ गैंग के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद की जानकारी भी सामने आई है।

कार्तिक के खिलाफ कई मामले दर्ज होने का दावा

पुलिस के अनुसार, कार्तिक के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, झगड़े और रंगदारी सहित करीब 17 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने बताया कि अप्रैल 2026 में भी पीएलए चौकी क्षेत्र में कार्तिक के घर के बाहर उसके कथित गुर्गों द्वारा हुड़दंग करने के मामले में कार्रवाई की गई थी। उस मामले में कई आरोपियों को पकड़ा गया था और हथियार व कारतूस बरामद होने की बात भी पुलिस की ओर से बताई गई थी।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *