हिसार: हरियाणा के हिसार में नहर में डूबने से 9 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सेक्टर 16-17 पुल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बच्चा नहर की पटरी पर हाथ धो रहा था, इसी दौरान पैर फिसलने से वह नहर में जा गिरा। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने बच्चे का शव नहर से बाहर निकाला।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हाथ धोते समय नहर में गिरा छात्र
मृतक बच्चे की पहचान 9 वर्षीय हार्दिक के रूप में हुई है। वह पटेल नगर स्थित सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। जानकारी के मुताबिक, स्कूल की छुट्टी के बाद हार्दिक अपनी दोनों बहनों और अन्य बच्चों के साथ घर लौट रहा था।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह सेक्टर 16-17 पुल के पास नहर की पटरी पर बैठकर हाथ धोने लगा। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में जा गिरा।
हार्दिक को नहर में बहता देखकर उसकी बहनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
तीन घंटे की तलाश के बाद मिला शव
बच्चे की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम ने नहर में किश्ती उतारी। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने हार्दिक के शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हिसार के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
दो बहनों का इकलौता भाई था हार्दिक
हार्दिक अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हार्दिक की मां नीतू के मुताबिक, उनके तीनों बच्चे पटेल नगर के सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। वह निजी स्कूल में काम करती हैं, जबकि उनके पति पेंटर का काम करते हैं। परिवार हिसार के आजाद नगर में रहता है।
मदद की बजाय वीडियो बनाने का आरोप
घटना के बाद नहर की पटरी पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि जब हार्दिक नहर में डूब रहा था, तब कुछ लोग उसकी मदद करने के बजाय मोबाइल फोन से वीडियो बनाते रहे।
हार्दिक की बहनों ने भी घटना के बाद लोगों से मदद नहीं मिलने की बात कही। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। मासूम हार्दिक की मौत के बाद परिवार और इलाके में मातम पसरा हुआ है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
