Saturday , 15 August 2026
हांसी में CM सैनी का तिरंगा संदेश, गिनाईं हरियाणा की उपलब्धियां; नौकरी, किसान, महिला और विकास पर बड़ा ऐलान
हांसी में CM सैनी का तिरंगा संदेश, गिनाईं हरियाणा की उपलब्धियां; नौकरी, किसान, महिला और विकास पर बड़ा ऐलान

हांसी में CM सैनी का तिरंगा संदेश, गिनाईं हरियाणा की उपलब्धियां; नौकरी, किसान, महिला और विकास पर बड़ा ऐलान

हांसी: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी और सीमाओं की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं पर दिन-रात और हर मौसम में डटे रहने वाले सैनिकों को स्वतंत्रता दिवस पर विशेष रूप से नमन किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस बार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को समर्पित किया गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

1857 के शहीदों की स्मृति में अंबाला में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्मारक

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1857 की क्रांति के शहीदों की स्मृति में अंबाला में करीब 22 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहीदी स्मारक विकसित किया गया है। उन्होंने शहीद सैनिकों और उनके परिवारों के लिए सरकार की ओर से किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। सैनी के अनुसार, अग्निवीरों के शहीद होने की स्थिति में एक्स-ग्रेशिया सहायता राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपये की गई है, जबकि दिव्यांगता की स्थिति में 35 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि शहीदों के 423 आश्रितों को सरकारी नौकरी भी दी गई है।

हांसी को जिला बनाने का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री के रूप में ध्वजारोहण करने का यह उनका तीसरा अवसर है और उन्हें प्रदेश के नए जिले हांसी में यह अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि हांसी को विकसित क्षेत्र के रूप में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इसे जिला बनाया गया तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग के नए मंडल और उपमंडल स्थापित किए गए हैं।

बिना खर्ची-बिना पर्ची रोजगार का दावा

अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में रोजगार और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि पिछले करीब 12 वर्षों में बिना खर्ची-बिना पर्ची 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और नकल जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए हरियाणा लोक परीक्षा अधिनियम लागू किया गया है। ई-गवर्नेंस व्यवस्था को भी उन्होंने ऐसा मॉडल बताया, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म करने में मदद मिली है।

MSME नीति से निवेश और रोजगार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नई हरियाणा प्रगतिशील MSME एवं निर्यात संवर्धन नीति-2026 लाई गई है। इसके माध्यम से 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित करने और 5 लाख से ज्यादा नए रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति-2026 और अन्य सेक्टोरल नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बन रहा है।

किसानों और प्राकृतिक खेती पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ऐसी खेती व्यवस्था पर काम कर रही है, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ सके। उनके मुताबिक, प्रदेश के करीब 24 हजार किसानों ने 44 हजार एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती को अपनाया है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां किसानों की 24 फसलों की खरीद MSP पर की जा रही है।

सामाजिक सुरक्षा और महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र

सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 3,200 रुपये प्रतिमाह किए जाने और दयालु योजना के तहत अब तक 3,152 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की जानकारी दी। महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लड़कियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए खोले गए 83 कॉलेजों में 32 कॉलेज छात्राओं के लिए हैं।

शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल पर जोर

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हुए कामों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अब 18 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें से 12 पिछले 12 वर्षों में स्थापित किए गए हैं। खेलों के क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की बात कहते हुए उन्होंने ग्लासगो में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उनके अनुसार, प्रदेश के 23 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया और 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल हैं।

गांवों और शहरों के विकास का भी रखा खाका

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास की बुनियाद गांवों से मजबूत होती है। चालू वित्त वर्ष में ग्रामीण विकास के लिए 8,704 करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने की जानकारी उन्होंने दी। शहरी विकास के संदर्भ में उन्होंने बताया कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, हिसार और पंचकूला के समग्र विकास के लिए मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी गठित की गई हैं। सरकार द्वारा 3,124 अवैध कॉलोनियों को नियमित किए जाने का भी दावा किया गया।

विकसित भारत-विकसित हरियाणा का संकल्प

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा विकास और समृद्धि की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों को मजबूत रखते हुए ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के निर्माण के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *