चंडीगढ़, 28 दिसंबर – हरियाणा सरकार ने शहीदों के परिवारों के प्रति अपने कर्तव्य को निभाते हुए एक और सराहनीय कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में शहीद उपनिरीक्षक जय भगवान की पत्नी श्रीमती कमलेश शर्मा को 200 वर्ग गज का भूखंड आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। यह भूखंड फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ ब्लॉक के गांव हीरापुर में शामलात देह भूमि से दिया जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शहीद जय भगवान, जो गांव हीरापुर के निवासी थे, ने 12 दिसंबर, 1995 को आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनकी शहादत को सम्मानित करते हुए यह निर्णय लिया गया है।
श्रीमती कमलेश शर्मा के पास वर्तमान में कोई आवासीय मकान नहीं है। इस भूखंड का आवंटन उनके परिवार की आवासीय जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ शहीद के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
यह निर्णय पंजाब ग्राम साझा भूमि (विनियमन) नियम, 1964 के नियम 13 के तहत लिया गया है, जो ग्राम पंचायतों को राज्य सरकार के अनुमोदन से 200 वर्ग गज तक की शामलात भूमि को शहीदों के परिवारों के लिए आवासीय उद्देश्यों के लिए उपहार में देने की अनुमति देता है। यह प्रावधान विशेष रूप से उन शहीदों के लिए है जो युद्ध या आतंकवाद विरोधी अभियानों में शहीद हुए हैं या गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
