रेवाड़ी,21 फरवरी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर से फिरौती मांगने वाले बदमाश को स्कर्ट पहनाकर बाजार में घुमाया। पुलिस ने न केवल उसका सिर मुंडवा दिया बल्कि हथकड़ी पहनाकर परेड भी कराई। यह परेड क्राइम ब्रांच के थाने से लेकर मुख्य बाजार मोती चौक तक निकाली गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
वीडियो हुआ वायरल, बदमाश लंगड़ाते हुए दिखा
इस दौरान व्यापारियों और राहगीरों ने बदमाश की वीडियो भी बना ली, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वीडियो में बदमाश लंगड़ाते हुए चलता नजर आ रहा है। उसकी पहचान रोहित उर्फ कालिया के रूप में हुई है, जो 12 साल बाद जेल से रिहा हुआ था।
प्रॉपर्टी डीलर से मांगी थी 10 लाख की फिरौती
पुलिस के अनुसार, कालिया पर हत्या के प्रयास सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। वह 12 साल जेल में बिताने के बाद हाल ही में बाहर आया था और फिर से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो गया। 19 फरवरी को उसने सज्जन नामक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में जाकर रिवॉल्वर दिखाकर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
पुलिस ने बदमाशों को सबक सिखाने के लिए उठाया कदम
प्रॉपर्टी डीलर की शिकायत के बाद पुलिस ने 20 फरवरी को कालिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों में डर पैदा करने और आम जनता को सुरक्षा का अहसास दिलाने के लिए उसकी सार्वजनिक परेड निकालने का निर्णय लिया।
रेवाड़ी में चोरों की भी हुई थी परेड
यह पहली बार नहीं है जब रेवाड़ी पुलिस ने आरोपियों की परेड कराई हो। दो दिन पहले ही चोरी के आरोप में पकड़े गए तीन युवकों को पुलिस ने हथकड़ी पहनाकर एक किलोमीटर तक चलाया।
चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
17 फरवरी को रेलवे रोड स्थित एक कपड़े की दुकान में चोरी की घटना सामने आई थी। जांच में पता चला कि तीन आरोपियों ने दो कपड़े की दुकानों और एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की थी। इन आरोपियों की पहचान मंगलेसर माजरा के रहने वाले राहुल और अजय तथा गुर्जर माजरा के मोनू के रूप में हुई।
पुलिस की सख्त कार्रवाई से बदमाशों में दहशत
पुलिस ने इन आरोपियों से चोरी किए गए सामान और उनकी चोरी के तरीकों की जानकारी लेने के लिए सार्वजनिक रूप से पूछताछ की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और इस पूरी घटना को कैमरे में कैद किया। हालांकि, पुलिस को अभी तक चोरी का पूरा सामान बरामद नहीं हुआ है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
