चंडीगढ़/अंबाला, 09 जून – अंबाला छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में बना अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑल वेदर स्वीमिंग पूल एक बार फिर तैराकों के लिए खुलने जा रहा है। यह फैसला कैबिनेट मंत्री अनिल विज के तत्काल हस्तक्षेप के बाद लिया गया है, जिन्होंने बच्चों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम से फोन पर बात की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मामला तब सामने आया जब तैराकी के शौकीन बच्चों ने अनिल विज से मुलाकात कर स्वीमिंग पूल बंद होने की शिकायत की। विज ने बच्चों की बात को गंभीरता से लिया और इसे ‘चौंकाने वाला’ करार दिया। उन्होंने कहा कि यह वही स्वीमिंग पूल है जिसे उनके प्रयासों से बनवाया गया था ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं खिलाड़ियों को मिल सकें।
खेल मंत्री से तत्काल संपर्क, डीएसओ पर कार्रवाई के निर्देश
अनिल विज ने तत्काल खेल मंत्री गौरव गौतम से फोन पर बातचीत करते हुए नाराजगी जताई और जिला खेल अधिकारी (DSO) पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि टेंडर की प्रक्रिया में समय लगता है, इसलिए सरकार को खुद इस पूल को चलाना चाहिए।
खेल मंत्री का आश्वासन – “आज शाम से चालू होगा स्वीमिंग पूल”
खेल मंत्री गौरव गौतम ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए विज को आश्वस्त किया कि, “विज साहब, आप बच्चों को कह दीजिए कि आज शाम से स्वीमिंग पूल चालू कर दिया जाएगा और इसे सरकार स्वयं संचालित करेगी।”
क्या है ऑल वेदर स्वीमिंग पूल की खासियत
वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में स्थित यह ऑल वेदर स्वीमिंग पूल आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिसमें सर्दियों में भी तैराकी की जा सकती है। साथ ही यहां एक अतिरिक्त वार्मअप पूल भी मौजूद है। यहां खेलों इंडिया जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन भी हो चुके हैं।
गर्मियों में बंद पूल से निराश थे खिलाड़ी
भीषण गर्मी के बीच स्वीमिंग पूल बंद होने से खिलाड़ी और आम नागरिक बेहद निराश थे। अब कैबिनेट मंत्री अनिल विज की तत्परता से उनकी उम्मीदें फिर से जगी हैं। शाम से पूल शुरू होने की खबर तैराकी प्रेमियों के लिए किसी राहत से कम नहीं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
