कुल्लू : प्रेमी संग मिलकर अपने पति को कुएं में धकेल कर हत्या करने के मामले में प्रेमी-प्रेमिका का एक और खुलासा हुआ है। दोनों आरोपियों ने गुनाह कबूल करते हुए पुलिस को बताया है कि दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। दरअसल पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार करने के बाद वीरवार को न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर भेजने का आग्रह करते हुए न्यायालय में अर्जी दायर की। पुलिस ने न्यायालय में तर्क दिया कि आरोपियों से अभी पूछताछ और बरामदगी शेष है, इसलिए दोनों को रिमांड पर भेजा जाए। न्यायालय ने पुलिस की अर्जी को स्वीकार किया और आरोपियों को 5 दिन के पुलिस रिमांड में रखने के आदेश दिए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रिमांड पर लेने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों ने गुनाह कबूल करते हुए पुलिस को बताया है कि दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। पहले से दोनों के आपस में संबंध थे। एक बार महिला के पति सुरेंद्र तीगा ने भी दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। उसके बाद ही तीगा अपनी पत्नी की बात-बात पर पिटाई कर रहा था। पिटाई से तंग आने की बात भी प्रियंता ने अपने प्रेमी किशोर को बताई थी। जब भी सुरेंद्र प्रियंता की पिटाई करता था तो वह फोन करके अपने प्रेमी किशोर को यह बात बताती थी। दोनों ने इस तरह से सुरेंद्र का खेल ही खत्म करने की योजना बनाई और कुएं को वारदात को अंजाम देने के लिए ठिकाना चुना।
दोनों ने मिलकर कुएं के समीप सुरेंद्र को खूब शराब पिलाई और उसे कुएं में धकेल दिया तथा कुएं का ढक्कन बंद करके वहां से निकल गए। अब पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करके पुलिस रिमांड पर ले लिया है। आरोपी प्रियंता और उसके प्रेमी किशोर ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सोचा भी नहीं था कि वे पकड़े जाएंगे। जब पुलिस ने कुएं से सुरेंद्र की लाश बरामद की तो उस समय वे थोड़े सहम गए लेकिन साथ ही यह भी सोचा कि अब शव गल-सड़ गया होगा और उसकी पहचान भी नहीं हो पाएगी, ऐसे में वे बच जाएंगे। पुलिस मामले की बारीकी से तफ्तीश करते हुए आखिर आरोपियों तक पहुंच ही गई। कुल्लू की एस.पी. शालिनी अग्निहोत्री ने दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड में लिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों से कड़ी पूछताछ जारी है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
