Friday , 30 October 2026

पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी, दो नागरिकों की मौत

जम्मू : पाकिस्तानी रेंजरों ने दूसरे दिन भी जम्मू और सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सीमा चौकियों और नागरिक इलाकों को निशाना बना कर भारी गोलाबारी की जिसमें दो नागरिकों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बीएसएफ के जवानों ने भी प्रभावी तरीके से जवाबी कार्रवाई की।

बीएसएफ के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पाकिस्तानी रेंजरों ने सुबह छह बजकर 40 मिनट से अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास आर एस पुरा, अरनिया और रामगढ़ सेक्टर में कई इलाकों में भारी गोलीबारी और गोलाबारी की।’’

उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी बलों ने इन तीनों सेक्टर में 82 एमएम और 52 मोर्टार बम, स्वचालित व छोटे हथियारों का इस्तेमाल करते हुए करीब 40 सीमा चौकियों को निशाना बनाया।’’

अधिकारी ने बताया,‘‘अंतिम रिपोर्ट आने तक दोनों तरफ से गोलीबारी जारी थी।’’

साथ ही उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी बलों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के 35 किलोमीटर क्षेत्र में आने वाली सीमा चौकियों और गांवों को निशाना बनाया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने अब तक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे अरनिया, आर एस पुरा और रामगढ़ सेक्टर के 40 से ज्यादा गांवों को निशाना बनाया है।

उन्होंने बताया कि एक महिला समेत दो नागरिकों की इस हमले में मौत हो गई जबकि तीन अन्य नागरिक घायल हो गए।

गोलाबारी में मारी गई महिला साई खुर्द की निवासी थी जबिक दूसरा व्यक्ति आर एस पुरा-अरनिया पट्टी के कोरोटोना में मारा गया। साई खुर्द गांव का एक व्यक्ति और रामगढ़ के दो लोग इसमें घायल हो गए।

भारी गोलाबारी को देखते हुए सीमा के पास रहने वाले करीब एक हजार लोगों ने इलाका छोड़़ दिया है और यहां स्थित स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा संघर्षविराम का उल्लंघन किए जाने और जम्मू और सांबा जिले के तीन सेक्टरों के गांवों और सीमा चौकियों पर भारी गोलाबारी किए जाने की घटना में 17 साल की एक लड़की की मौत हो गई और बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया जबकि छह लोग घायल हो गए थे। बीएसएफ के महानिदेशक के के शर्मा, सुरेश को श्रद्धांजलि देने जम्मू आए थे और उन्होंने फील्ड कमांडरों को पूरी ताकत के साथ जवाब देने और पाकिस्तान बलों को सबक सिखाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के पास स्थिति तनावपूर्ण है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *