
हरियाणा डेस्क :- महेंद्रगढ़, इनेलो के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में ‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ वीरवार को 33वें दिन में प्रवेश कर गई। इनेलो नेता ने जिला महेंद्रगढ़ जिला के गांव सेका में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि किसान दोहरी मार का दंश झेलने को मजबूर है। बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों की उपज बर्बाद हो गई है जिससे इन किसानों पर कर्जा और बढ़ गया है। राजस्थान बार्डर के लगते मेवात से लेकर सिरसा तक पानी की कमी से चलते किसान सरसों खेती पर निर्भर करते हैं। आज की तारीख में सरसों का सरकारी भाव 5450 रूपए प्रति क्विंटल है। सरकार किसानों की फसल सरकारी रेट पर नहीं खरीदती है जिस कारण से किसानों को अपनी फसल 800 से 1000 रूपए प्रति क्विंटल सस्ती बेचनी पड़ रही है। खाद, बीज, कीड़े मार दवाइयां और डीजल महंगा कर दिया। एक तरफ सरकारों द्वारा किसानों को लूटा जा रहा है तो वहीं मौसम की मार भी किसानों को ही पड़ रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस दौरान किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल भी उनसे मिला और अपनी बर्बाद हुई फसल के बारे में बताया। इस पर अभय चौटाला ने कहा कि आज देश और प्रदेश का हर किसान पछता रहा है क्योंकि इन किसानों ने देश और प्रदेश में इसलिए भाजपा को वोट दिया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार बनने पर किसानों की आय दोगुणी करने का वादा किया था मगर स्थिति इसके विपरीत है। आज किसानों की आय तो दोगुणी नहीं हुई मगर उन पर कर्जा कई गुणा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता जुमलेबाजी में माहिर हैं मगर अब देश और प्रदेश के लोग सजग हो गए हैं और आने वाले चुनावों में भाजपा और इनसे जुड़े राजनीतिक दलों के लोगों को खमियाजा भुगतना होगा। उन्होंने दोहराया कि इनेलो अपनी परिवर्तन पदयात्रा के तहत देश और प्रदेश में एक नया अध्याय लिखेगी और इसमें हर वर्ग की भागीदारी अहम होगी।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो लोकसभा और विधानसभा चुनावों में 50 फीसदी नए युवाओं को टिकट देगी ताकि एक नई सोच के साथ प्रदेश को नई दिशा दी जा सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा में परिवर्तन का दौर शुरू हो गया है और आने वाले समय में निश्चित रूप से इनेलो की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा यात्रा के प्रति दिखाए जा रहे लगाव से आज इनेलो के हर कार्यक्रम में भारी उत्साह है, उन्हें भी इस बात का आभास हो गया है कि जिस मकसद को लेकर वे हरियाणा भर में अपनी पदयात्रा लेकर चल रहे हैं तो लोग भी उनका दिल से साथ दे रहे हैं और यही हौसला ही प्रदेश में बदलाव की एक नई इबारत लिखेगा। हरियाणा में विकल्प के रूप में एकमात्र पार्टी इनेलो ही है, इसलिए सभी आने वाले चुनावों में इनेलो का साथ दें।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
