हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वित्त वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुत किया, जिसे उन्होंने ‘धाकड़ हरियाणा का धाकड़ बजट’ करार दिया। इस बजट को सांस्कृतिक, पारंपरिक और आधुनिक मूल्यों का संगम बताया गया है। बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के विचारों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया एक व्यापक विकास योजना है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रति व्यक्ति आय और गरीबी रेखा पर मुख्यमंत्री की स्पष्टता
मुख्यमंत्री सैनी ने बजट सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि प्रति व्यक्ति आय के अनुमान राज्य सरकार स्वयं नहीं लगाती, बल्कि यह कार्य संबंधित सांख्यिकी संगठन करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रति व्यक्ति आय का मतलब यह नहीं कि प्रदेश के हर व्यक्ति की आय समान होगी।
गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले लोगों की अधिक संख्या को लेकर उन्होंने बताया कि हरियाणा में गरीबी रेखा का मानक बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये कर दिया गया है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह 1.20 लाख रुपये वार्षिक है। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि किसी ने गलती से अपनी आय कम दिखाई है, तो वे इसे सही करवाएं ताकि सही लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का फायदा मिल सके।
हरियाणा के विकास के लिए 11 प्रमुख घोषणाएँ
मुख्यमंत्री सैनी ने बजट में 11 मुख्य बिंदुओं की घोषणा की, जो हरियाणा के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे:
- डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर की स्थापना की जाएगी।
- स्टार्टअप्स के लिए 2,000 करोड़ रुपये के फंड ऑफ फंड्स की योजना बनाई गई।
- नशे के विरुद्ध ‘संकल्प’ प्राधिकरण का गठन होगा।
- मिशन हरियाणा 2047 के लिए टास्कफोर्स बनेगी।
- नकली बीज और कीटनाशकों के खिलाफ सख्त कानून लाया जाएगा।
- गांवों में महिला चौपालों का निर्माण होगा।
- हर जिले में एक गो-अभ्यारण्य की स्थापना की जाएगी।
- अनाधिकृत औद्योगिक कॉलोनियों को नियमित किया जाएगा।
- हर जिले में एक राजकीय मॉडल महाविद्यालय खोला जाएगा।
- दिव्यांगजन कोष का गठन कर उन्हें मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी।
- लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत की जाएगी।
हरियाणा के भविष्य के लिए प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र पर आधारित है। उन्होंने प्रदेश की जनता को आश्वासन दिया कि इस बजट में किए गए प्रत्येक वादे को पूरा किया जाएगा।
बजट का उद्देश्य: विकसित हरियाणा, विकसित भारत
बजट के महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने इसे हरियाणा के वर्तमान और भविष्य दोनों के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने विधानसभा से अनुरोध किया कि इस बजट को पूर्ण समर्थन दिया जाए और सर्वसम्मति से पारित किया जाए।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
