चंडीगढ़, 23 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने आज अपने पद का कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, गौरव गौतम और राज्य मंत्री राजेश नागर ने उन्हें पदभार ग्रहण करवाया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता और हिमाचल प्रदेश के विधायक सुधीर शर्मा ने भी तरुण भंडारी को विशेष रूप से बधाई दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
तरुण भंडारी इससे पहले हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल के दौरान भी उनके राजनीतिक सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। भंडारी को मनोहर लाल और नायब सिंह सैनी दोनों का करीबी और विश्वासपात्र माना जाता है। राजनीति और संगठन प्रबंधन में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया है।
राजनीतिक अनुभव से हासिल किया विश्वास
तरुण भंडारी का राजनीति में एक लंबा और प्रभावी अनुभव है। पिछले साल हरियाणा में हुए लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भंडारी ने अपनी रणनीतिक दक्षता का परिचय देते हुए भारतीय जनता पार्टी को प्रदेश में मजबूत स्थिति में खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रयासों के कारण कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने भाजपा का दामन थामा। इनमें किरण चौधरी, श्रुति चौधरी और नवीन जिंदल जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
भविष्य के लिए उम्मीदें
भंडारी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भरोसेमंद सहयोगी माना जाता है। संगठन और चुनाव प्रबंधन में उनके अनुभव के चलते माना जा रहा है कि वे अपनी नई भूमिका में पार्टी और सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करेंगे।
इस मौके पर तरुण भंडारी ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन और सरकार की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
इस नियुक्ति से पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह है। माना जा रहा है कि भंडारी की रणनीतिक समझ और कुशल नेतृत्व पार्टी को आगामी चुनावों में और मजबूतीप्रदान करेगा।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
