चंडीगढ़, 19 अगस्त। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जन्मोत्सव के अवसर पर पात्र परिवारों को डॉ. बी.आर. अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना का लाभ दिया जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मंत्री ने अधिकारियों को प्रदेशभर में पात्र परिवारों की पहचान कर उनका चयन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लाभार्थियों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
मकान की मरम्मत के लिए 80 हजार रुपये
योजना के तहत पात्र परिवारों को मकान की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए 80 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। पहले यह योजना अनुसूचित जाति के बीपीएल परिवारों के लिए थी, लेकिन अब इसे सभी वर्गों के गरीब परिवारों के लिए भी लागू किया गया है।
सरकार के अनुसार, 30 जून 2026 तक 85,815 लाभार्थियों को 415.48 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
25 सितंबर से फिर शुरू होगी योजना
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि अनुसूचित जाति के गरीब परिवारों के लिए यह योजना 25 सितंबर 2026 से दोबारा शुरू की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से पात्र परिवारों का चयन समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा है।
सरकार की कई कल्याणकारी योजनाएं
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्गों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है। इनमें मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना, अंतरजातीय विवाह शगुन योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री युवा प्रतिभा प्रोत्साहन योजना शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि संत महापुरुष सम्मान प्रचार-प्रसार योजना के तहत संत-महापुरुषों की जयंतियां सरकारी स्तर पर मनाई जा रही हैं, ताकि उनकी शिक्षाओं और विचारों को लोगों तक पहुंचाया जा सके।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
