हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल के गांव सलारू के प्राईमरी स्कूल में आयोजित ग्राम सभा के कार्यक्रम में पहुंचे। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। परम्परा के अनुसार एक मंच पर मुख्यमंत्री, मंत्री कर्णदेव कम्बोज, गांव के सरपंच पलविन्द्र सिंह, पार्टी पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मुडो पर बैठे। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों व उनके बीच के फासले को कम करने के लिए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को एक साईड में बैठने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को आगे बुलाया और उनसे सीधे बातचीत की। ग्रामीणों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से शुरूआत की और ग्रामीणों से घरों में लगे गैस कनैक्शन के बारे में पूछा कि कितने लोगों के घरो में गैस कनैक्शन नही हैं, ऐसे में कुछ लोगों ने ही अपने हाथ खड़े किए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनके पास अभी तक गैस कनैक्शन नही है, उन्हे नए कनैक्शन दिए जाएंगे। इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने सरकार की जन-धन योजना में गांव के 18 साल से ऊपर की आयु के सभी व्यक्तियों के बैंको में खाते खुलवाने की बात करते हुए, एल.डी.एम. को निर्देश दिए कि वे मौके पर ही इनके फार्म भरवाकर खाते खुलवाएं।
सीएम का करनाल के गांव सलारू में आयोजित ग्राम सभा का कार्यक्रम ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हुआ। इस दौरान गांव के बी.पी.एल. व जरूरतमंदों को केन्द्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओ का मौके पर ही लाभ दिया गया, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने गांव में सामुदायिक केन्द्र के लिए 18 लाख रूपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा के साथ-साथ गांव में फाईव पौंड सिस्टम, 100-100 गज के रिहायशी प्लाटो में गलियां, बिजली व पानी की व्यवस्था, गांव में पानी की टंकी तथा व्यायामशाला बनाए जाने की घोषणा कर ग्रामीणो को सौगात दी।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से ग्रामीणों की जानकारी और मौके पर ही उन्हे फायदा देने के लिए स्टाल लगाए गए थे। इनमें शिकायत पटल का स्टाल भी शामिल था। गांव के सरपंच पलविन्द्र सिंह ने पंचायत की उपस्थिति में मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाई और स्मृति चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सलारू गांव में रात्रि ठहराव के दौरान अनुसूचित जाति की महिला पंच के घर जमीन पर बैठकर रात्रि भोज किया। रात्रि भोज करने वालो में मंत्री कर्णदेव कम्बोज, ओ.एस.डी. अमरेन्द्र सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, जिलाध्यक्ष जगमोहन आनन्द भी शामिल थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
