महेंद्रगढ़, 17 जुलाई — हरियाणा सरकार राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में बुधवार को राज्य की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने महेंद्रगढ़ जिले के कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि इसी वर्ष से MBBS की कक्षाएं शुरू की जाएं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आरती सिंह राव ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव ला रही है। कोरियावास में अरावली की गोद में बना यह कॉलेज हरियाणा का सबसे बेहतरीन चिकित्सा संस्थान बनकर उभर रहा है। यहां छात्रावास, अस्पताल विंग और शैक्षणिक ब्लॉक पूरी तरह तैयार हैं।”
बढ़ती MBBS सीटें, मजबूत होती स्वास्थ्य व्यवस्था
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हरियाणा में MBBS सीटों की संख्या 2014 में सिर्फ 700 थी, जो अब बढ़कर 2185 हो चुकी है। आने वाले वर्षों में इसमें और भी वृद्धि की योजना है। यह आंकड़ा राज्य की स्वास्थ्य शिक्षा प्रणाली में हो रहे व्यापक सुधारों का प्रतीक है।
“उज्जवल दृष्टि योजना” से लाखों को लाभ
आरती सिंह राव ने “उज्जवल दृष्टि योजना” की सफलता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह योजना हरियाणा में पहली बार लागू की गई, जिसके तहत राज्य भर में मुफ्त चश्मे वितरित किए गए हैं। इससे लाखों नागरिकों को आंखों की बेहतर देखभाल का लाभ मिला है।
उच्चस्तरीय बैठक और निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शैक्षणिक ब्लॉक में अधिकारियों के साथ बैठक की और मेडिकल विंग व छात्रावास का मुआयना भी किया। इस मौके पर नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव, मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च के निदेशक यशवेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
