कुरुक्षेत्र, 31 मई: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आज देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। पिपली की अनाज मंडी में हो रहे इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुख्यमंत्री सीएम सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा आयोजित अहिल्याबाई होल्कर की जीवनी पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से भारी संख्या में लोग जुटेंगे, जिनके लिए बसों की व्यवस्था की गई है।
राज्य सरकार ने हाल के दिनों में सभी महापुरुषों की जयंती को राज्य स्तर पर मनाने की परंपरा शुरू की है। 29 मई को करनाल के सालवन गांव में महाराणा प्रताप जयंती और 30 मई को रोहतक के पहरावर गांव में परशुराम जयंती भी बड़े स्तर पर मनाई गई।
संभावित बड़ी घोषणाएं आज
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नायब सैनी इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कुछ बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं, जो कुरुक्षेत्र समेत पूरे प्रदेश के लिए अहम हो सकती हैं। सीएम का यह बीते 3 दिनों में कुरुक्षेत्र का तीसरा दौरा है, जिससे इस कार्यक्रम की अहमियत और भी बढ़ गई है।
29 मई को सीएम ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से “विकसित कृषि संकल्प अभियान” की शुरुआत की थी, जबकि 30 मई को उन्होंने पिहोवा के बाउली साहिब गुरुद्वारा में अचानक पहुंचकर माथा टेका।
कार्यक्रम का शेड्यूल:
सीएम नायब सैनी आज सुबह करीब 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे और दोपहर 1:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इस दौरान वे जनसमूह को संबोधित करेंगे और कई विकास योजनाओं की झलक भी दे सकते हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
