Sunday , 13 September 2026

ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का भाजपाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने लिया जायजा !

हरियाणा डेस्क:- झज्जर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने अपने गृह क्षेत्र यानी बादली विधानसभा क्षेत्र के खेतों का जायजा लिया। ओमप्रकाश धनखड़ अचानक अपने हल्के के खेतों में ओलावृष्टि और बेमौसम बरसात से खराब हुई फसलों का जायजा लेने पहुंचे। ओमप्रकाश धनखड़ ने किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी फसलों के नुकसान के बारे में जानकारी हासिल की। इतना ही नहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को एक पत्र भी लिखा। मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर ओमप्रकाश धनखड़ ने खराब फसल की स्पेशल गिरदावरी करवाने और किसानों को राहत देने की मांग की है। हम आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से हो रही बे मौसम बरसात और ओलावृष्टि के चलते झज्जर जिले में 2 से 3 हजार एकड़ गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। जिसकी वजह से अन्नदाता बेहद परेशान है। बार-बार किसान सरकार से गुहार लगा रहे हैं कि मौसम की मार की वजह से बर्बाद फसलों की गिरदावरी करवाई जाए और किसानों को राहत देने के लिए मुआवजे का ऐलान किया जाए।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ऐसे में अब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखा है। झज्जर में मीडिया के रूबरू हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि उन्होंने ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का जायजा लिया है। पीडि़त किसानों से भी इस बारे में बातचीत की है। सम्बंधित विभाग से जो जानकारी मिली है उसके अनुसार 16 हजार किसानों ने अपनी खराब फसलों का नुकसान पोर्टल पर अंकित किया है। नुकसान बहुत ज्यादा है। सीएम को भी इस बारे में पत्र लिखा गया है और स्पेशल गिरदावरी करा कर किसानों को नुकसान की भरपाई किए जाने की बात कही गई है। ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल के तकनीकि कारणों से न चलने को लेकर पूछे गए सवाल का भी उन्होंने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इस बारे में उच्चाधिकारियों से बातचीत की गई है। इस समस्या का समाधान हो जाएगा। जिन किसी को जानकारी पोर्टल की नहीं है उनकी समस्या का समाधान करने के भी प्रयास किए जा रहे है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *