अंबाला, 17 जून 2025 : हरियाणा के ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने अंबाला से चंडीगढ़ के बीच मेट्रो ट्रेन सेवा शुरू करने की जरूरत को क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बेहद अहम बताया है। उन्होंने हाल ही में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से इस संबंध में विस्तार से चर्चा की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विज ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि चंडीगढ़ एक केंद्र शासित प्रदेश है, जहां हरियाणा और पंजाब से प्रतिदिन हजारों लोग कामकाज और व्यापार के सिलसिले में पहुंचते हैं। लेकिन सड़क मार्ग पर अत्यधिक यातायात दबाव और बार-बार लगने वाले जाम के कारण आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा, “मेट्रो सेवा से न केवल लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि यह हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के विकास को भी नई दिशा देगी।”
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि प्रस्तावित मेट्रो रूट को मोहाली एयरपोर्ट तक विस्तार दिया जाए, ताकि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को भी आधुनिक ट्रांजिट सुविधा मिल सके। विज ने जानकारी दी कि मेट्रो परियोजना की नींव रखी जा चुकी है और अब इसे तेजी से आगे बढ़ाने की जरूरत है।
इस मौके पर ऊर्जा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है। श्री मोदी की विदेश नीति ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को अभूतपूर्व ऊंचाई दी है।”
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
