HaryanaNews-हिसार में सूर्य नगर डेयरी संचालक जीवन की हत्या के मामले को लेकर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज हिसार के चार टोल प्लाजा समेत हरियाणा के कई टोल करीब तीन घंटे के लिए बंद करवाए गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक टोल बंद
जानकारी के मुताबिक, हिसार के मैय्यड़, चौधरीवास, बहबलपुर और लांधड़ी टोल को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद करवाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग टोल प्लाजा पर पहुंचे और प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शमशेर नंबरदार, दशरथ, सुरेश कोथ, जयवीर समेत कई लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सूर्य नगर हत्याकांड के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
15 अगस्त को लेकर दी चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 15 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को तिरंगा फहराने से रोकने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मांग पूरी करवाने के लिए आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
15 आरोपियों पर केस, 7 गिरफ्तार
दरअसल, हिसार के सूर्य नगर में डेयरी संचालक जीवन की हत्या के मामले में पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
वहीं, मामले के मुख्य आरोपी पर पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश हरियाणा के साथ-साथ पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी कर रही है।
मृतक के घर पर सुरक्षा तैनात
पुलिस ने मृतक जीवन के घर पर सुरक्षा के लिए चार पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। वहीं प्रशासन की ओर से मृतक की पत्नी को HKRN के तहत नौकरी देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
अब सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
इस मामले को लेकर हुई महापंचायत में फैसला लिया गया था कि जब तक हत्या के सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है, जबकि प्रदर्शनकारी जल्द से जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
