चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने डेयरी क्षेत्र को मजबूत बनाने और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देने, किसानों की आय बढ़ाने और सहकारिता मॉडल को मजबूत करने के लिए पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इन फैसलों से महिला स्वयं सहायता समूहों, दुग्ध उत्पादकों और ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य डेयरी व्यवसाय को लाभकारी बनाना और अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
महिलाओं को मिलेगा ₹10 प्रति लीटर प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वीटा को दूध उपलब्ध कराने वाले महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) और महिला सीएम पैक्स (CMPACS) से जुड़ी महिलाओं को 10 रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस कदम से महिलाओं की डेयरी क्षेत्र में भागीदारी बढ़ने और उनकी आय में सुधार होने की संभावना है।
गांवों में बनेंगी ‘सांझी डेयरी’
ग्रामीण क्षेत्रों में डेयरी व्यवसाय को संगठित रूप देने के लिए सरकार पंचायत भूमि पर ‘सांझी डेयरी’ स्थापित करेगी। इन सामुदायिक डेयरियों में महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य महिलाओं के पशुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सरकार का मानना है कि इससे पशुपालन की लागत कम होगी, संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण महिलाओं की आमदनी में वृद्धि होगी।
दुग्ध पशु खरीदने के लिए मिलेगा रियायती ऋण
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ (HDDCF) महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला सीएम पैक्स की सदस्य महिलाओं को दुग्ध पशु खरीदने के लिए रियायती ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा। इससे नई महिलाएं भी डेयरी व्यवसाय शुरू कर सकेंगी और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
दूध उत्पादकों के लिए बढ़ी प्रोत्साहन राशि
सरकार ने मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के तहत दूध आपूर्ति करने वाले उत्पादकों के लिए प्रोत्साहन राशि में भी बढ़ोतरी की है।
नई व्यवस्था के अनुसार—
- ग्रीष्मकाल में प्रोत्साहन राशि ₹5 प्रति लीटर से बढ़ाकर ₹7 प्रति लीटर कर दी गई है।
- शीतकाल में प्रोत्साहन राशि ₹3 प्रति लीटर से बढ़ाकर ₹5 प्रति लीटर कर दी गई है।
इस बढ़ोतरी से दुग्ध उत्पादकों को अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलेगा और दूध उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये निर्णय हरियाणा को डेयरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
