सिरसा: ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव मल्लेका के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा उस समय हुआ जब करीब 25 से 30 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर नरमा चुगाई के लिए पंजाब हेड की तरफ जा रहे थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, गांव मल्लेका के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली एक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग हादसे की चपेट में आ गए।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो महिलाओं की मौत
हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 60 वर्षीय महिला और 30 वर्षीय युवती की मौत हो गई। वहीं, पीछे से आ रहा एक बाइक सवार भी हादसे की चपेट में आ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
5 घायलों की हालत गंभीर
गांव ओटू के सरपंच प्रतिनिधि सुनील कुमार के मुताबिक, हादसे में करीब पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनमें से दो घायलों को अग्रोहा रेफर किया गया है, जबकि तीन अन्य घायलों को सिरसा के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अन्य घायलों को सिरसा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल लाया गया है।
पुलिस की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में शामिल वाहनों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मृतकों और घायलों के परिवारों को आर्थिक सहायता की मांग
गांव ओटू के सरपंच प्रतिनिधि सुनील कुमार ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और घायलों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों की मदद करने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हादसे से जुड़ी आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
