अम्बाला/चंडीगढ़, 10 मई: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज एक बार फिर अपने बेबाक और तीखे बयानों से चर्चा में हैं। मंत्री विज ने हाल ही में मीडिया चैनलों से की गई अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए खुशी जताई कि उनकी बात को गंभीरता से लिया गया। विज ने आग्रह किया था कि टीवी चैनलों पर बार-बार खतरे के सायरन बजाना बंद किया जाए, जिससे असली आपात स्थिति में जनता भ्रमित न हो। चैनलों ने इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सायरन बजाने बंद कर दिए, जिसके लिए विज ने उनका आभार जताया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
ड्रोन हमले पर तीखा तंज:
पाकिस्तान द्वारा हालिया ड्रोन हमलों को लेकर मंत्री विज ने कहा कि पाकिस्तान की हालत उस कमजोर पहलवान जैसी है जिसे अखाड़े में केवल उछलने-कूदने के लिए छोड़ा गया हो। विज ने कटाक्ष करते हुए कहा, “कुछ ड्रोन तो ऐसे थे जिनमें बारूद डालना ही भूल गए थे, सिर्फ दिखावा करना चाहते थे।”
भारत की रक्षा ताकत पर गर्व:
विज ने भारत के शक्तिशाली S-400 डिफेंस सिस्टम की जमकर तारीफ की और बताया कि भारत अब दुश्मन की मिसाइलों को हवा में ही खत्म कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की नीति की सराहना करते हुए कहा, “हमने कभी अपनी चारपाई के नीचे लाठी मारकर नहीं देखा, लेकिन मोदी जी ने एक्सपर्ट लोगों को उत्साहित किया और आज भारत विश्वस्तरीय हथियार बना रहा है, जो अब दूसरे देश भी खरीद रहे हैं।”
स्वदेशी को लेकर बयान:
विदेशी वस्तुओं के प्रति लोगों के मोह को तोड़ते हुए विज ने कहा कि “जो कपड़ा अंबाला में मिलता है, उसे नहीं लेते और वही इंग्लैंड में मिले तो ले लेते हैं। ये धारणा अब बदलनी चाहिए।”
सिंधु नदी पर ‘वॉटर बम’ टिप्पणी:
भारत द्वारा चिनाब नदी का पानी छोड़े जाने पर भी पाकिस्तान को घेरते हुए विज ने कहा, “सिंधु नदी के किनारे हमारी सभ्यताएं पली-बढ़ी हैं, हम तो उसका पानी पी-पी कर हिन्दू हो गए। अगर तुम पियोगे तो तुम्हारा क्या हाल होगा?”
ब्लैकआउट में अंबाला की भूमिका:
गत दिवस अंबाला में हुए ब्लैकआउट के सफल क्रियान्वयन को लेकर विज ने जनता की तारीफ करते हुए कहा कि “अंबाला की जनता ने प्रशासन का भरपूर साथ दिया, जिससे ब्लैकआउट पूरी तरह सफल रहा।”
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
