चंडीगढ़, 18 सितंबर। हरियाणा सरकार ने पंचकूला महानगरीय क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए वित्त वर्ष 2026-27 में 829.23 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंचकूला महानगरीय विकास प्राधिकरण के माध्यम से शहर में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस बजट में करीब 812.60 करोड़ रुपये पूंजीगत कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। वहीं, लगभग 449.23 करोड़ रुपये बुनियादी ढांचे, 270.59 करोड़ रुपये संचालन एवं रखरखाव और 41.83 करोड़ रुपये शहरी पर्यावरण से जुड़े कार्यों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
45 साल पुरानी ड्रेनेज व्यवस्था होगी मजबूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए करीब 45 वर्ष पुरानी जल निकासी व्यवस्था को आधुनिक तकनीक के साथ अपग्रेड किया जा रहा है।
गीता चौक से टाउन पार्क तक करीब 5.50 करोड़ रुपये की लागत से 900 मिलीमीटर व्यास वाले बरसाती नाले का पुनर्वास किया जा चुका है। इसके बाद टाउन पार्क से सिंह नाला तक जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने का काम करीब 38.87 करोड़ रुपये की लागत से शुरू किया गया है।
पर्यावरण और जल संरक्षण पर फोकस
सरकार ने पंचकूला में शहरी हरित क्षेत्रों और पर्यावरण से जुड़े कार्यों के लिए 41.83 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। पार्कों के रखरखाव, हरित क्षेत्रों के विस्तार और पानी के दोबारा इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
सेक्टर-7सी में 10 एमएलडी क्षमता के एसटीपी के लिए 24.60 करोड़ रुपये और सेक्टर-5सी में 6 एमएलडी क्षमता के एसटीपी के लिए 28.49 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी जा चुकी है। इन संयंत्रों से उपचारित पानी का इस्तेमाल पार्कों और हरित पट्टियों में करने की योजना है।
14 राउंडअबाउट्स का हुआ सौंदर्यीकरण
पंचकूला को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए शहर के 14 राउंडअबाउट्स का सौंदर्यीकरण किया गया है। प्रमुख सड़कों और गोल चक्करों पर मौसमी पौधे लगाने के साथ फूलों की क्यारियां भी विकसित की गई हैं।
सरकार का कहना है कि सड़क व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम पूरा हो चुका है, जबकि कुछ महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट अभी प्रगति पर हैं।
208 करोड़ की लागत से कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का प्रस्ताव
पंचकूला में आधुनिक तकनीक आधारित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत करीब 208 करोड़ रुपये बताई गई है। इससे शहरी सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सेक्टर-32 में बनेगा आधुनिक शूटिंग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
पंचकूला के सेक्टर-32 में विश्वस्तरीय शूटिंग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। परियोजना के लिए पहले 173.48 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी। बातचीत के बाद करीब 109.80 करोड़ रुपये की निविदा राशि स्वीकृत हुई है।
परियोजना का काम 16 जून 2026 से शुरू हो चुका है और इसे 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल शहर का विस्तार करना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और पंचकूला को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
