सिरसा: हरियाणा के सिरसा में नीलगाय को बचाने के प्रयास में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव रामनगरिया के पास सुबह करीब 6 बजे हुए हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल होकर कोमा में बताया जा रहा है। बाइक पर सवार तीसरा युवक सुरक्षित है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गोगामेड़ी से लौट रहे थे तीनों युवक
जानकारी के मुताबिक, गांव कुत्ताबढ़ निवासी शिव कुमार अपने दो रिश्तेदारों के साथ मोटरसाइकिल पर गोगामेड़ी से धोक लगाकर वापस लौट रहा था। तीनों आपस में मामा-बुआ के बच्चे बताए जा रहे हैं।
जब वे गांव रामनगरिया के पास पहुंचे तो अचानक सड़क पर एक नीलगाय सामने आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क हादसे का शिकार हो गए।
मौके पर ही शिव कुमार ने तोड़ा दम
हादसा इतना गंभीर था कि शिव कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे कोमा में बताया जा रहा है। वहीं बाइक पर पीछे बैठा तीसरा युवक सुरक्षित बताया जा रहा है।
परिवार में कमाने वाला अकेला था शिव कुमार
शिव कुमार की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और शिव कुमार ही परिवार में कमाने वाला बताया जा रहा है। उसके माता-पिता बुजुर्ग हैं।
परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है, ताकि इस मुश्किल समय में परिवार को कुछ मदद मिल सके।
फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। नीलगाय को बचाने के प्रयास में हुई इस दुर्घटना ने एक परिवार का सहारा छीन लिया और पूरे गांव में शोक की लहर है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
