हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। सिंगर, एक्टर और मॉडल दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग की गई है। बताया जा रहा है कि वारदात उनके घर के बाहर हुई। राहत की बात यह रही कि जिस समय गाड़ी पर गोली चलाई गई, उस वक्त दिलेर खरकिया वाहन में मौजूद नहीं थे और वह सुरक्षित हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रात करीब साढ़े 10 बजे हुई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे एक युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दिलेर खरकिया के घर के बाहर पहुंचा। आरोप है कि युवक ने वहां खड़ी रेंज रोवर गाड़ी पर फायर किया और इसके बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, गाड़ी पर एक ही गोली चलाई गई, जो वाहन में लगी है। फायरिंग के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब फायरिंग करने वाले युवक की पहचान करने में जुटी है।
हमलावर किस मकसद से वहां पहुंचा था और फायरिंग के पीछे क्या वजह रही, इसे लेकर फिलहाल जांच जारी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
करीब 11 महीने पहले भी विवाद के दौरान चर्चा में आया था नाम
दिलेर खरकिया का नाम करीब 11 महीने पहले भी एक विवाद के दौरान चर्चा में आया था। भिवानी के खरक कलां गांव में दिलेर खरकिया और एक्ट्रेस अंजलि राघव के गाने ‘प्रोटीन’ के प्रमोशन इवेंट के दौरान दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आपस में भिड़ गए थे।
इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया था, जिसमें दोनों के बीच मारपीट होती दिखाई दी थी। मारपीट के दौरान एक युवती के माथे पर चोट लगी और वह जमीन पर गिर गई थी।
हालांकि, उस विवाद में दिलेर खरकिया की कोई भूमिका सामने नहीं आई थी।
फायरिंग के पीछे की वजह का इंतजार
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। फायरिंग करने वाला युवक कौन था, उसने गोली क्यों चलाई और क्या वह किसी खास मकसद से वहां पहुंचा था—इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।
दिलेर खरकिया के सुरक्षित होने की जानकारी के बाद उनके प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस जल्द ही मामले में आगे की जानकारी साझा कर सकती है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
