चंडीगढ़, 10 मार्च: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि दादूपुर नलवी नहर के मुद्दे पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का 20 दिसंबर 2024 का फैसला नहर के पुनर्निर्माण से जुड़ा नहीं है, बल्कि एक अलग संदर्भ में दिया गया है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह अपनी नाकामी छुपाने के लिए तथ्यहीन आरोप लगा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सुप्रीम कोर्ट में जाएगी सरकार
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी। राज्य के एडवोकेट जनरल ने स्पष्ट किया है कि यह मामला विशेष अनुमति याचिका (SLP) के तहत सुप्रीम कोर्ट में विचारणीय है। सरकार इस दिशा में पूरी तैयारी कर रही है।
विपक्ष ने किसानों के साथ किया धोखा
मुख्यमंत्री सैनी ने खुलासा किया कि इस नहर परियोजना के लिए 2247 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जानी थी, जिसमें 190 एकड़ सरकारी थी, लेकिन तत्कालीन सरकार जनता के विरोध के कारण केवल 830 एकड़ भूमि ही अधिकृत कर पाई। इसके बावजूद कोर्ट द्वारा 6 करोड़ रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा तय किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने किसानों को धोखा दिया और अब वही पार्टी इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है।
100 दिन में 18 संकल्प पूरे, 10 जल्द पूरे होंगे
मुख्यमंत्री सैनी ने अपनी सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि 18 संकल्प पूरे कर लिए गए हैं, जबकि 10 संकल्प जल्द पूरे होने वाले हैं। उन्होंने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि हिमाचल, कर्नाटक और तेलंगाना में कांग्रेस की सरकारें हैं, लेकिन वहां एक भी वादा पूरा नहीं किया गया।
महिलाओं को ₹500 में गैस सिलेंडर
सरकार ने अपने संकल्प पत्र के अनुरूप 13.5 लाख महिलाओं को ₹500 में गैस सिलेंडर देने की योजना शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
नशे के खिलाफ सख्त अभियान – बुलडोजर एक्शन जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। इसके तहत पंजाब, हरियाणा, यूपी, राजस्थान, दिल्ली और चंडीगढ़ की संयुक्त क्षेत्रीय कमेटी बनाई गई है, जो क्रॉस-बॉर्डर ड्रग सप्लाई रोकने के लिए संयुक्त ऑपरेशन चला रही है।
उन्होंने बताया कि “मानस पोर्टल” के जरिए कोई भी व्यक्ति नशा तस्करों की सूचना दे सकता है और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाती है। इस पोर्टल की समीक्षा खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर रहे हैं।
तीन गुना गति से होगा विकास
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि उनकी सरकार तीन गुना तेजी से विकास कार्य करेगी और अगले 5 वर्षों में सभी संकल्प पूरे किए जाएंगे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
