Thursday , 29 October 2026

आबकारी राजस्व को लेकर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा को दी खुली चुनौती !

हरियाणा डेस्क:– चंडीगढ़, हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि पूर्व कांग्रेस सरकार के 10 साल के कार्यकाल के मुकाबले मौजूदा सरकार के कार्यकाल में एक्साइज राजस्व में चार गुणा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय एक्साइज रेवन्यू 2500 करोड़ रूपए था, वो मौजूदा सरकार में बढ़कर 10 हजार करोड़ रूपए को छू गया है। दुष्यंत चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे आबकारी विभाग को लेकर मौजूदा सरकार और पूर्व कांग्रेस सरकार के आंकड़े एक-एक तथ्य के साथ रखने को तैयार है। वे वीरवार को गोहाना हलके के दौरे के दौरान पत्रकारों से रूबरू थे। डिप्टी सीएम ने वीरवार को रोहतक, सोनीपत और पानीपत जिले का दौरा कर करीब 20 कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मौजूदा सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज शराब गोदामों व शराब की ढुलाई में प्रयोग होने वाले वाहनों की भी पूरी तरह मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि प्रदेश में कहीं भी अवैध शराब न बेची जाए। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सभी डिस्टलरी में सीसीटीवी लगा दिए गए है और फ्लो मीटर को अनिवार्य कर दिया गया है। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा की सरकार के दौरान ठेकेदार पैसे चुकाए बिना भाग जाते थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से लेकर 2014 तक सरकार का ठेकेदारों में 250 करोड़ रूपए बकाया है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मौजूदा सरकार की सख्ती का नतीजा है कि आज एक भी रुपया ठेकेदारों में बकाया नहीं है। उन्होंने कहा कि भविष्य में शराब के लिए प्रयोग होने वाली प्लास्टिक बोतलों पर भी रोक लगाने का कार्य किया जाएगा और शराब केवल कांच की बोतलों में उपलब्ध होगी।

इससे पहले रोहतक में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बीजेपी-जेजेपी की गठबंधन सरकार मजबूती के साथ चल रही है और प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार ने गरीब तपका पिछड़ा वर्ग-ए को नगर निकायों में आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। वहीं पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को भी 50 प्रतिशत और बीसीए वर्ग को आठ प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य किया है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में योजना का लाभ ट्रांसफर किया जा रहा है। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सामाजिक पेंशनधारकों को समय पर पेंशन का भुगतान करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों की गेहूं की फसल का भुगतान समय पर किया जा रहा है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हैफेड को निजी खरीद करने की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे खिलाड़ियों के धरने के संदर्भ में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए आरोप यदि सत्य साबित होते है तो दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मांग पर केंद्र सरकार द्वारा जांच समिति गठित की गई थी और अब माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार दो एफआईआर भी दर्ज की गई है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि दिल्ली पुलिस को न्यायालय द्वारा जांच के संदर्भ में आवश्यक हिदायतें जारी की गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले को राजनीतिक एजेंडा नहीं बनाना चाहिए क्योंकि ये खेल से जुड़ा हुआ विषय है इसलिए देश का प्रतिनिधित्व करने वाले ओलंपियन खिलाड़ियों के आरोपों की उचित जांच होना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

रोहतक में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जिला लोक सम्पर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में 17 शिकायतें शामिल की गई थी, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर निपटारा कर दिया गया तथा अन्य शिकायतों के निपटारे के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं रोहतक के गांव चिड़ी के सरपंच सहित अनेक ग्रामीण डिप्टी सीएम की मौजूदगी में जेजेपी में शामिल हुए। रोहतक के कार्यक्रमों के बाद उपमुख्यमंत्री ने सोनीपत जिले के गोहाना हलके में आयोजित 15 से ज्यादा कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। यहां शहर और ग्रामीणवासियों द्वारा दुष्यंत चौटाला का जोरदार स्वागत किया गया। वहीं शुक्रवार 12 मई को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला जींद और उचाना के दौरे पर रहेेंगे। वे यहां विभिन्न सार्वजनिक एवं निजी कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। उपमुख्यमंत्री क्रमश: गांव अलीपुरा, गुरुकुल खेड़ा, काबरछा, सुदकैन कलां, सुदकैन खुर्द और लोधर में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान दुष्यंत चौटाला ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनेंगे।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *