पलवल/होडल: पलवल पुलिस की ओर से वीरवार को थाना मुंडकटी में शिकायत निवारण शिविर लगाया गया। शिविर में कुल 7 शिकायतें पहुंचीं। इनमें मारपीट के मामलों में गिरफ्तारी, पारिवारिक विवाद और जमीन से जुड़े विवाद प्रमुख रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!एसपी ने मौके पर सुनीं लोगों की शिकायतें
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने लोगों की शिकायतें बारी-बारी से सुनीं और संबंधित पुलिस अधिकारियों से मामलों की जानकारी ली। उन्होंने सभी शिकायतों का नियमों के अनुसार जल्द निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मी आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार करें, लेकिन अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए।
लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश
शिविर के दौरान एसपी ने थाना मुंडकटी की क्राइम डायरी की भी समीक्षा की। उन्होंने 30 दिन से अधिक लंबित चोट के मामलों, 60 दिन से अधिक लंबित हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों तथा 45 दिन से अधिक लंबित आईटीएसओ मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा एससी-एसटी मामलों और आगे की जांच वाले मामलों का भी शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया।
अपराधियों की निगरानी बढ़ाने के आदेश
एसपी ने पुराने और आदतन अपराधियों की नियमित चेकिंग करने, नए अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने और जरूरत के अनुसार पुरानी हिस्ट्रीशीट बंद करने के निर्देश दिए। साथ ही ईआरवी और राइडर कर्मचारियों की नियमित ब्रीफिंग कर गश्त बढ़ाने को कहा।
थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाने को व्यवस्थित रखने और जब्त वाहनों व अवैध शराब जैसी केस प्रॉपर्टी का नियमानुसार जल्द निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्यप्रणाली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा, शिकायतों का समय पर समाधान और कानून व्यवस्था बनाए रखना पलवल पुलिस की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि शिकायत निवारण शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
