पंचकूला , 27 मई – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित भव्य योग महोत्सव 2025 के दौरान एक के बाद एक बड़ी घोषणाएं कर योग को जन-जन तक पहुंचाने के राज्य सरकार के संकल्प को मजबूती दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आयुष योग सहायकों की सेवा के दौरान दुर्घटनावश मृत्यु होने पर उनके परिवारों को 3-3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही, इस वर्ष से योग एवं प्राकृतिक चिकित्सकों का पंजीकरण भी शुरू किया जाएगा।
स्कूलों में अब योग की होगी परीक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली से 10वीं कक्षा तक पहले ही योग को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। अब योग, खेल और अन्य विषयों को औपचारिक रूप से परीक्षाओं में शामिल किया जाएगा। इससे बच्चों में योग को जीवनशैली के रूप में अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
लॉन्च हुए 3 पोर्टल, आयुष विभाग में आएगी पारदर्शिता
आयुष क्षेत्र में पारदर्शिता और डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने तीन नए पोर्टल लॉन्च किए:
1. ई-मार्केट प्लेस पोर्टल – औषधीय पौधों की बिक्री और खरीदारी के लिए।
2. आयुष औषधि इन्वेंटरी पोर्टल – दवाओं की मांग और स्टॉक प्रबंधन के लिए।
3. ई-औषधि लाइसेंसिंग पोर्टल – औषधियों के लाइसेंस से संबंधित आवेदन प्रक्रियाओं के लिए।
‘सूर्य नमस्कार 2025’ के 264 प्रतिभागियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने ‘सूर्य नमस्कार अभियान 2025’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 264 प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस अभियान में 46 लाख लोगों ने भाग लिया, जो 12 जनवरी (स्वामी विवेकानंद जयंती) से 12 फरवरी (महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती) तक चला।
योग: पार्ट ऑफ लाइफ नहीं, वे ऑफ लाइफ है
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है। योग का अर्थ है शरीर, मन और आत्मा का परमात्मा से जुड़ाव।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और मानसिक-शारीरिक स्वास्थ्य का मार्ग अपनाएं।
हरियाणा में योग को लेकर सरकार के बड़े कदम
राज्य के 6500 गांवों में व्यायामशालाएं खोलने की योजना, जिनमें से 714 का कार्य पूर्ण।
877 आयुष योग सहायकों की नियुक्ति
506 आयुर्वेदिक औषधालयों को अपग्रेड कर ‘आयुष आरोग्य मंदिर’ बनाया गया।
126 योग इंस्ट्रक्टरों की तैनाती।
25 हजार स्कूली कर्मियों को योग शिक्षक बनाया गया।
हरियाणा योग आयोग और श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना।
आयुष मंत्री और योग आयोग का संदेश
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव और योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य ने भी योग को विश्व मंच पर ले जाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने बताया कि हरियाणा, योग को पाठ्यक्रम में शामिल करने वाला देश का एकमात्र राज्य है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
