पंचकूला, 24 जून 2025 – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए हरियाणा को अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ में आयोजित “मन की बात” कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब हरियाणा विकसित होगा, तभी देश प्रगति करेगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री सैनी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रदेश के सभी बूथों पर 100% “मन की बात” कार्यक्रम को सुनना सुनिश्चित करें और जनता से संवाद कर पार्टी की योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि “मन की बात” एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा से जुड़ी प्रेरणा देने वाला संवाद है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि “मन की बात” कार्यक्रम जनमानस से आत्मीय जुड़ाव का माध्यम है, जो सेवा, प्रेरणा और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करता है। उन्होंने बताया कि पिछली बार राज्य के 17,663 बूथों पर कार्यक्रम सुना गया था, इस बार लक्ष्य 20,629 बूथों पर इसे अपलोड करने का है।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, कार्यकर्ता उनकी मदद करें। उन्होंने एक पेड़ “मां के नाम” लगाने की भी प्रेरणा दी और कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक जनआंदोलन बने।
कार्यशाला में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सूरेंद्र पूनिया, प्रदेश आईटी प्रमुख आदित्य चावला सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह कार्यशाला पार्टी की बूथ स्तर की मजबूती और जनसंपर्क को नई दिशा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
