गोहाना, 8 फरवरी 2025 – दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (AAP) यमुना माँ के श्राप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के सामने पूरी तरह फेल हो गए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2020 में केजरीवाल ने खुद कहा था कि यदि वह यमुना को साफ नहीं कर पाए, तो दिल्ली की जनता उन्हें वोट न दे। अब दिल्ली की जनता ने अपना वायदा निभाते हुए भाजपा को सत्ता सौंप दी है।
दिल्ली की जनता ने मोदी की नीतियों पर जताया भरोसा
डॉ. अरविंद शर्मा गोहाना में सिग्मा एजुकेशन एंड इमिग्रेशन कंसल्टेंट कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मतदाताओं ने डर और भ्रम की राजनीति को खारिज कर प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर विश्वास जताया है।
उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी और कहा कि 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा सरकार बनने से विकास की रफ्तार तेज होगी।
केजरीवाल ने दिल्ली का विकास रोकने की साजिश की
डॉ. शर्मा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल ने 11 साल तक दिल्ली के विकास को रोकने का काम सिर्फ इसलिए किया ताकि मोदी सरकार को इसका श्रेय न मिल सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव को साम-दाम-दंड-भेद की नीति से लड़ते हुए केजरीवाल ने दिल्ली और हरियाणा के भाईचारे को खराब करने तथा यमुना माँ को कलंकित करने की कोशिश की। लेकिन दिल्ली की जनता उनकी चालाकियों को समझ गई और भाजपा को सत्ता सौंप दी।
मोदी सरकार की योजनाओं का अब दिल्ली को मिलेगा पूरा लाभ
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने जानबूझकर केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं को दिल्ली में लागू नहीं होने दिया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा करोड़ों परिवारों को दिए जा रहे लाभ दिल्ली के लोगों तक नहीं पहुंचे, जिससे यह साफ हो गया था कि केजरीवाल को आम जनता की भलाई से कोई मतलब नहीं है।”
उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में डबल इंजन की भाजपा सरकार बनने से विकास की गति तेज होगी और केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंचेगा।
गोहाना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांटी जलेबियां
दिल्ली चुनावों में भाजपा की जीत पर गोहाना में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जलेबियां बांटकर जश्न मनाया। पूरे शहर में उत्साह का माहौल था, और भाजपा समर्थकों ने इसे नरेंद्र मोदी के सुशासन और भाजपा की नीतियों की जीत करार दिया।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
