चंडीगढ़, 13 दिसंबर(गर्ग ) : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज चंडीगढ़ के सेक्टर-35 स्थित किसान भवन में आयोजित क्राफ्ट प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन में हस्तशिल्पियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को उनके उत्पादों और सेवाओं को बढ़ाने में सहायता देने के लिए कदम उठाए हैं। इसके साथ ही, कारीगरों के कौशल को और निखारने के लिए कौशल प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी प्रधानमंत्री के इसी विजन को आगे बढ़ा रही है और प्रदेश में शिल्पकारों को सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवा रही है।
हस्तशिल्पियों के लिए एक बेहतरीन मंच
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने क्राफ्ट रूट्स संस्था द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी को कारीगरों को अपनी कला को प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन मंच बताया। इस संस्था ने लगभग 75,000 युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में निपुण किया है। उन्होंने कहा, “भारत विविधताओं का देश है, और यहाँ हर प्रांत, हर क्षेत्र और हर समुदाय की अपनी विशिष्ट कला और शिल्प परंपरा है। क्राफ्ट रूट्स संस्था ने इन परंपराओं को एक छत के नीचे लाकर सराहनीय प्रयास किया है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह प्रदर्शनी सिर्फ एक मंच नहीं है, बल्कि यह उन कारीगरों और शिल्पकारों के सम्मान का प्रतीक है, जो अपने जीवन के हर पल को शिल्प को समर्पित करते हैं।
भारत की सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा हैं हस्तशिल्प
मुख्यमंत्री ने हस्तशिल्प और हथकरघा के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि “मानव सभ्यता और संस्कृति के विकास में हस्तशिल्प और हथकरघा का महत्त्वपूर्ण योगदान है। भारत को सोने की चिड़िया बनाने में हस्तशिल्पियों और कारीगरों का बड़ा योगदान रहा है। आज 21वीं सदी में भारत फिर दुनिया की बड़ी आर्थिक शक्ति बनने जा रहा है, जिसमें इन कुशल हाथों का बड़ा योगदान होगा।”
कुरुक्षेत्र में सरस और क्राफ्ट मेला
मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान आयोजित सरस और क्राफ्ट मेला का भी जिक्र किया, जिसमें हस्तशिल्पियों और कारीगरों को बड़े मंच पर अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिला। “यह मेले में देश-विदेश से आए हस्तशिल्पियों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई, जिसे देखकर लोगों को प्रेरणा मिलती है,” उन्होंने कहा।
मुख्यमंत्री सैनी ने इस अवसर पर कहा कि हरियाणा सरकार हस्तशिल्प और हथकरघा कारीगरों को बढ़ावा देने के लिए आगे भी इसी तरह के आयोजनों का समर्थन करती रहेगी, ताकि कारीगरों को अपनी कला को दुनिया भर में प्रदर्शित करने का अवसर मिले।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
