भिवानी, 18 सितंबर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर की अध्यक्षता में भिवानी के पंचायत भवन में जिला लोकसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नागरिकों से जुड़ी 13 शिकायतें और परिवाद सुनवाई के लिए रखे गए, जिनमें से 9 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों की बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका जल्द समाधान किया जाए।
सोलर बिजली बिल मामले में लापरवाही पर सख्त निर्देश
बैठक में विद्यानगर निवासी कशमीर सिंह के सोलर सिस्टम से जुड़े मामले की सुनवाई की गई। मामले में लापरवाही सामने आने पर मंत्री राजेश नागर ने निगम अधिकारियों को संबंधित कर्मचारी से ही बिजली बिल की भरपाई करवाने के निर्देश दिए।
इसी तरह रोहतक गेट निवासी गोपाल कुमार की बिजली बिल से जुड़ी शिकायत पर मंत्री ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पेयजल आपूर्ति का समय बढ़ाने के निर्देश
सेवा नगर निवासी महावीर की पेयजल से संबंधित शिकायत पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति का समय बढ़ाने के निर्देश दिए।
वहीं, मिताथल गांव निवासी सरवेंद्र सिंह की जलभराव के दौरान बिजली कनेक्शन से जुड़ी शिकायत पर तहसीलदार को शिकायतकर्ता के साथ मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बिजली मीटर लगाने और जमीन तकसीम के निर्देश
झुंझुनू जिले के कुलोथ कलां निवासी जोगेंद्र की शिकायत पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत बिजली मीटर लगाने के निर्देश दिए।
धनाना-द्वितीय निवासी कुनाल के जमीन के मालिकाना हक से जुड़े मामले में नियमानुसार जमीन की तकसीम करवाने के निर्देश दिए गए।
ऑटो मार्केट निवासी तेजपाल सिंह की दुकान किराए से संबंधित शिकायत पर अधिकारियों ने बताया कि मामले का पहले ही निपटारा किया जा चुका है।
निजी अस्पताल में मौत के मामले में जांच के निर्देश
गांव गुजरानी निवासी रमेश कुमार ने निजी अस्पताल में अपनी पत्नी की मौत से संबंधित शिकायत समिति के सामने रखी। मामले की सुनवाई करते हुए मंत्री राजेश नागर ने पुलिस अधीक्षक को गहनता और तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एडवोकेट संदीप कौशिक की शिकायत पर भी पुलिस को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत पर रिपोर्ट का इंतजार
सिरसी गांव निवासी संदीप कुमार ने गांव में करवाए गए विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत रखी। मंत्री ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री की जांच के लिए लैब भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट मिलते ही नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए।
अजीतपुरा निवासी संदीप की कर्ज माफी से संबंधित शिकायत पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक रिकवरी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
लाउडस्पीकर और CCTV से जुड़े मामले भी पहुंचे
विद्या नगर निवासी मीना और अन्य सदस्यों ने मंदिर में लाउडस्पीकर से होने वाले ध्वनि प्रदूषण की शिकायत रखी। इस मामले में मंत्री ने भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ को मध्यस्थता करने के निर्देश दिए।
न्यू हाउसिंग बोर्ड, सेक्टर-13 निवासी सुखबीर सिंह की शिकायत पर भी विधायक घनश्याम सर्राफ को मध्यस्थता करने को कहा गया। शिकायतकर्ता की गली में लगाए गए CCTV कैमरों से संबंधित मामले में पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गांव गारणपुरा कलां निवासी सूरजभान के सोलर सिस्टम से जुड़े मामले में मंत्री ने डीसी साहिल गुप्ता के सुझाव पर संबंधित अधिकारियों को सेवा संकल्प अभियान के तहत लगाए जाने वाले शिविर में ऐसे मामलों के समाधान के निर्देश दिए।
अधिकारियों को नागरिक शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि अधिकारियों को आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेना चाहिए और बिजली, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
बैठक में भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, उपायुक्त साहिल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, एडीसी दीपक बाबूलाल करवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
