Thursday , 10 September 2026
भिवानी में 13 सितंबर को गूंजेगी गुरबाणी,

भिवानी में 13 सितंबर को होगा विशाल गुरबाणी समागम, भाई चमनजीत सिंह लाल करेंगे कीर्तन एवं कथा|

भिवानी। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रथम प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भिवानी गुरुद्वारा सिंह सभा की संगत की ओर से 13 सितंबर को पुरानी देवसर चुंगी स्थित प्राचीन गुरुद्वारा साहिब में विशाल गुरबाणी समागम का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन के साथ समागम स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त मेडिकल कैंप भी लगाया जाएगा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा समागम

गुरुद्वारा श्री सिंह सभा देवसर चुंगी के प्रधान प्रेम मुटरेजा और मुख्य ग्रंथी गुरबचन सिंह ने पत्रकारवार्ता के दौरान कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समागम की शुरुआत शाम 6 बजे होगी और रात करीब 10 बजे अरदास के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके बाद संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा।

भाई चमनजीत सिंह लाल करेंगे गुरबाणी कीर्तन और कथा

समागम में देश-विदेश में प्रसिद्ध गुरबाणी कीर्तन एवं कथावाचक भाई चमनजीत सिंह लाल, दिल्ली वाले विशेष रूप से पहुंचेंगे। वे गुरबाणी कीर्तन और कथा के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।

भाई चमनजीत सिंह लाल अपनी मधुर आवाज में ‘वड्डा गुरु नानक दा दरबार’ जैसे भावपूर्ण भजनों के लिए भी प्रसिद्ध हैं। भिवानी में उनकी मौजूदगी में यह पहला विशाल गुरबाणी समागम आयोजित किया जा रहा है, जिसको लेकर सिख संगत में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

आयोजकों के मुताबिक समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं और संगत में विशेष उत्साह है। धार्मिक कार्यक्रम के साथ लगाए जाने वाले मुफ्त मेडिकल कैंप से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधा भी मिलेगी।

गणमान्य लोगों को दिया गया निमंत्रण

भिवानी की संगत की ओर से कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी, भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह बाल्मीकि, बीजेपी जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, नगर परिषद प्रधान प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह, मार्केट कमेटी चेयरमैन बवानीखेड़ा राजेंद्र हंस और सरदार सुदर्शन सिंह सहित कई गणमान्य लोगों को समागम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।

पत्रकारवार्ता में ये लोग रहे मौजूद

समागम को लेकर आयोजित पत्रकारवार्ता में प्रेम मुटरेजा, गगनीश चावला, जतिन चावला, विजय सनेजा, लक्ष्मण सिंह फोरमैन, रमन बागड़ी, धर्मबीर बत्रा, कृष्ण तनेजा और कुलदीप सिंह मौजूद रहे।

आयोजकों ने संगत से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरबाणी समागम में शामिल होने और गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *