फरीदाबाद: चंदावली मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान जयप्रकाश के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह मूल रूप से बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और पिछले करीब 5-6 वर्षों से फरीदाबाद में जड़ी-बूटी बेचकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जयप्रकाश अपने पीछे पत्नी राजेंद्री और पांच बच्चों को छोड़ गए हैं।
सड़क पार करते समय थार ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, जयप्रकाश चंदावली मोड़ के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार थार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जयप्रकाश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल जयप्रकाश को इलाज के लिए बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
अस्पताल में जयप्रकाश का इलाज शुरू किया गया, लेकिन करीब दो घंटे बाद उनकी हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जयप्रकाश की पत्नी राजेंद्री ने बताया कि उनके पति पिछली शाम किसी काम से मार्केट गए थे और वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान चंदावली मोड़ के पास हादसा हो गया।
परिवार ने चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
जयप्रकाश अपने सास-ससुर, पत्नी और पांच छोटे बच्चों के साथ चंदावली मोड़ के पास एक झोपड़ी में रहते थे। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को शिकायत देकर हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। परिवार का आरोप है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। परिवार अब न्याय और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
