Monday , 3 August 2026
पानीपत में गुर्जर समाज ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का किया सम्मान, बोलीं- सभी समाजों की एकजुटता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी

पानीपत में गुर्जर समाज ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का किया सम्मान, बोलीं- सभी समाजों की एकजुटता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी

पानीपत: भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का रविवार को पानीपत स्थित गुर्जर धर्मशाला में समस्त गुर्जर समाज द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने गुर्जर भवन परिसर में बनने वाले लंगर हॉल के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सभी समाजों की एकजुटता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। जब समाज आपसी सद्भाव, भाईचारे और सहयोग की भावना से आगे बढ़ते हैं, तभी देश और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छूते हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से काम कर रही भाजपा

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यही विचार समाज को जोड़ता है और राष्ट्र को मजबूत बनाता है। उन्होंने सभी समाजों से शिक्षा, संस्कार, सेवा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

हर वर्ग तक पहुंच रही विकास योजनाएं

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी समाजों को समान अवसर और सम्मान प्रदान कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि को पूरे सम्मान के साथ मनाकर नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा दी जा रही है।

गुर्जर समाज के योगदान की सराहना

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गुर्जर समाज ने देश की रक्षा, कृषि, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा, संगठन और संस्कार से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सेवा कार्यों और राष्ट्रहित के अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया।

भाजपा का लक्ष्य हर वर्ग का सम्मान

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल विकास करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सुरक्षा, सम्मान और सहभागिता सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।

कार्यक्रम में विधायक मनमोहन भड़ाना, आर्य युवा समाज के राष्ट्रीय संयोजक चौ. अशोक आर्य, नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारी अशोक गुर्जर, जोगिंदर रावल, ज्योति शर्मा, ऋषिपाल कसाना, मुनीश कठवाड़, राजकुमार छोक्कर, निशांत छोक्कर सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *