पलवल: पलवल के गांव मिंडकौला में डागर पाल की ओर से सामाजिक बुराइयों के खिलाफ महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पंचायत की अध्यक्षता 52 पाल के प्रधान अरुण जेलदार ने की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!महापंचायत में दहेज प्रथा, मृत्युभोज, नशे और शादी समारोह में होने वाली फिजूलखर्ची समेत कई सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान इन बुराइयों को रोकने के लिए कई फैसले सर्वसम्मति से लिए गए।
शादी समारोह को लेकर बड़े फैसले
पूर्व विधायक प्रवीण डागर ने महापंचायत में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। तय नियमों के मुताबिक शगाई समारोह में लड़की पक्ष की ओर से अधिकतम पांच लोग शामिल होंगे और एक रुपये का शगन दिया जाएगा। लगन के दौरान दो लोग जाएंगे।
लड़की की शादी में 101 रुपये कन्यादान देने का फैसला लिया गया है। साथ ही गांव के लोगों द्वारा शादी में भोजन ग्रहण नहीं करने और शादी समारोह में होने वाली फिजूलखर्ची पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया।
दहेज और मृत्युभोज पर रोक
महापंचायत में दहेज प्रथा और मृत्युभोज को पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया गया। भात के दौरान अधिकतम 11 लोग ही भात नोतने के लिए जाएंगे।
सोने-चांदी के आभूषणों को लेकर भी सीमा तय की गई है। फैसले के अनुसार अधिकतम एक तोला सोना और 100 ग्राम चांदी देने की बात कही गई। सिरदारी के लिए 11 रुपये देने का निर्णय लिया गया है।
बारात में होंगे सिर्फ 51 लोग
शादी समारोह में बारातियों की संख्या भी सीमित कर दी गई है। फैसले के मुताबिक बारात में अधिकतम 51 लोग शामिल होंगे। भोजन शुद्ध शाकाहारी रखने का निर्णय लिया गया है। साथ ही खोवा और पनीर नहीं बनाने तथा ज्यादा मिठाई और सब्जियां बनाने पर भी रोक लगाने की बात कही गई।
नशे और डीजे पर भी रोक
महापंचायत में नशे के खिलाफ भी सख्त फैसला लिया गया। किसी भी कार्यक्रम में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की बात कही गई। पंचायतों की सहमति से गांवों में शराब के ठेके बंद कराने के लिए सरकार और प्रशासन से बातचीत करने का निर्णय भी लिया गया।
इसके अलावा किसी भी उत्सव में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया।
52 पाल की कमेटी करेगी फैसलों की निगरानी
महापंचायत में लिए गए फैसलों की पालना सुनिश्चित करने के लिए 52 पाल की एक कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया। यह कमेटी पंचायत में तय नियमों की निगरानी करेगी और हर तीन महीने में बैठक आयोजित करेगी।
महापंचायत में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री लक्ष्मी नारायण, पूर्व मंत्री करण दलाल, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया, पूर्व विधायक प्रवीण डागर समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
