Sunday , 27 September 2026
पलवल के मंडकोला गांव में बाबा नंददास तालाब का जीर्णोद्धार
पलवल के मंडकोला गांव में बाबा नंददास तालाब का जीर्णोद्धार

पलवल के मंडकोला गांव में बाबा नंददास तालाब का जीर्णोद्धार, CSR पहल से बदली तस्वीर|

पलवल: जल संरक्षण और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में पलवल के गांव मंडकोला में बाबा नंददास तालाब का जीर्णोद्धार किया गया। यह कार्य जे.के. टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड और सहगल फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से CSR पहल के तहत कराया गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

तालाब के जीर्णोद्धार कार्य का उद्घाटन जे.के. टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट एवं ग्रुप हेड बलजीत सिंह डागर ने रिबन काटकर किया। कार्यक्रम में मंडकोला की सरपंच सविता डागर, बढ़ा गांव के सरपंच रामदयाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

खराब हालत में था तालाब

कार्यक्रम के दौरान बलजीत सिंह डागर ने बताया कि मंडकोला गांव में बाबा नंददास का पवित्र तालाब लंबे समय से खराब स्थिति में था। यहां स्थित मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। आसपास के ग्रामीणों की ओर से तालाब के जीर्णोद्धार की मांग की गई थी।

इसके बाद जे.के. टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने सहगल फाउंडेशन के सहयोग से CSR योजना के तहत तालाब के जीर्णोद्धार की पहल की।

चारदीवारी और सौंदर्यीकरण का काम

जीर्णोद्धार के दौरान तालाब की चारदीवारी और सौंदर्यीकरण का काम कराया गया। इसके अलावा तालाब के पानी को भी साफ किया गया है।

कंपनी के प्रतिनिधि के अनुसार, अब मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को तालाब के बेहतर वातावरण का लाभ मिल सकेगा। ग्राम पंचायत के सहयोग से भविष्य में भी सामाजिक सेवा से जुड़े कार्य जारी रखने की बात कही गई।

शिक्षा के क्षेत्र में भी CSR पहल

बलजीत सिंह डागर ने बताया कि जे.के. टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से CSR के तहत शिक्षा के क्षेत्र में भी काम किया जा रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप दी जाती है।

कंपनी के अनुसार, हर साल करीब 500 जरूरतमंद बेटियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।

किसानों के लिए बनाया चेक डैम

कंपनी की ओर से जल संरक्षण को लेकर किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया गया। बलजीत डागर ने बताया कि मुरैना के पास बारिश के पानी को संरक्षित करने के लिए चेक डैम बनाया गया है।

कंपनी के मुताबिक, इस जल संरक्षण परियोजना से आसपास के करीब 100 गांवों के किसान सिंचाई के लिए लाभान्वित हो रहे हैं।

स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा पर भी काम

CSR गतिविधियों के तहत चिकित्सा और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में भी कार्य किए जाने की जानकारी दी गई। मेडिकल हेल्थ कैंप के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई।

वहीं सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से अब तक करीब 2 लाख वाहन चालकों की आंखों की जांच किए जाने और जरूरतमंद लोगों को निशुल्क चश्मे उपलब्ध कराने का दावा किया गया।

मंडकोला में बाबा नंददास तालाब के जीर्णोद्धार के जरिए जल संरक्षण, धार्मिक स्थल के आसपास स्वच्छता और ग्रामीण क्षेत्र के विकास को जोड़ने की पहल की गई है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *