Saturday , 25 July 2026
दिल्ली में रक्षा मंत्री से मिले अनिल विज

दिल्ली में रक्षा मंत्री से मिले अनिल विज: अंबाला के लिए रखीं तीन बड़ी मांगे, एयरपोर्ट रोड को फोर लेन बनाने पर चर्चा

नई दिल्ली/अंबाला: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज एक दिवसीय दिल्ली दौरे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले। इस अहम मुलाकात में अनिल विज ने अपने गृह जिले अंबाला के लिए तीन महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें सबसे अहम मुद्दा अंबाला कैंट में बन रहे घरेलू एयरपोर्ट के सामने सड़क को फोर लेन में तब्दील करने का था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अंबाला कैंट एयरपोर्ट को जोड़ने वाली सड़क फोर लेन हो: विज

विज ने बताया कि अंबाला में हरियाणा का दूसरा घरेलू हवाई अड्डा लगभग तैयार हो चुका है और जल्द ही इसे आम जनता के लिए शुरू कर दिया जाएगा। ऐसे में बीसी बाजार से जीटी रोड तक की सड़क को फोर लेन बनाने की जरूरत है, ताकि चंडीगढ़, पंजाब, पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को ट्रैफिक की परेशानी न हो।


सरकारी अस्पताल के विस्तार के लिए सेना की ज़मीन की मांग

दूसरी बड़ी मांग के तहत अनिल विज ने अंबाला छावनी स्थित सरकारी अस्पताल के विस्तार के लिए रक्षा मंत्रालय से सेना की खाली पड़ी जमीन हरियाणा सरकार को देने की अपील की। विज के मुताबिक, बढ़ती आबादी और स्वास्थ्य सेवाओं की ज़रूरतों को देखते हुए अस्पताल का विस्तार ज़रूरी है।


छावनी क्षेत्र की सड़कों को चौड़ा करने की भी अपील

तीसरी मांग में विज ने अंबाला छावनी नगर परिषद और छावनी बोर्ड के क्षेत्रों में स्थित बोह, बब्याल जैसी जगहों की संकरी सड़कों का मुद्दा उठाया। उन्होंने रक्षा मंत्री से आग्रह किया कि इन सड़कों को आस-पास की अन्य सड़कों के समान चौड़ा किया जाए, जिससे स्थानीय लोगों को ट्रैफिक और यातायात की दिक्कतों से राहत मिल सके।


हवाई अड्डा निर्माण में सेना से ली गई जमीन, काम लगभग पूरा

गौरतलब है कि अंबाला कैंट में बन रहे घरेलू एयरपोर्ट के निर्माण के लिए हरियाणा सरकार ने रक्षा मंत्रालय से 133 करोड़ रुपये में जमीन ली थी। इसके ढांचे के निर्माण पर 40 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि टर्मिनल बिल्डिंग 16 करोड़ की लागत से बनाई गई है।

विज ने पहले दावा किया था कि एयरपोर्ट फरवरी 2025 तक शुरू हो जाएगा। यह हवाई अड्डा न केवल हरियाणा बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों को भी हवाई सेवा से जोड़ेगा। साथ ही, यह बड़ा रनवे होने के कारण किसी भी मौसम में बड़े विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ में सक्षम होगा।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *