गुरुग्राम : हरियाणा की विभिन्न जेलों में योग में रूचि रखने वाले बंदियो को गुरुग्राम जिला की भौंडसी जेल में प्रशिक्षण देकर ‘योग गुरु’ बनाया जाएगा। इसके बाद इन्हें इनकी जेलो में भेज दिया जाएगा और ये वहां पर बंदियों को मुख्य प्रशिक्षक के रूप में योग का प्रशिक्षण देंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
हरियाणा कारागार महानिदेशक के. सेलवराज ने यह जानकारी गुरुवार को गुरुग्राम की भौंडसी जेल परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में दी। इंडिया वीजन फाउडेशन, पंचवटी योग आश्रम तथा नेचर क्योर सैंटर द्वारा भौंडसी जेल में 45 दिवसीय ‘बंदी योग प्रशिक्षण कार्यक्रम’ शुरु किया गया है जिसका शुभारंभ पुदुचेरी की उपराज्यपाल एवं इंडिया वीजन फाउडेशन की संस्थापक डा. किरण बेदी तथा कारागार हरियाणा के महानिदेशक के सेलवराज ने संयुक्त रूप से किया। सेलवराज ने बताया कि हरियाणा प्रदेश की विभिन्न जेलो में योग में रूचि रखने वाले बंदियो को गुरुग्राम जिला की भौंडसी जेल में स्थानांतरित किया गया है। इन सभी बंदियों को जेल के एक विशेष बैरेक में रखा गया है और इन्हें सुबह से शाम तक योग का सघन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन बंदियो को योग प्राणायाम, ध्यान तथा नेती, धोती आदि क्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया जाएगा और इन्हें समय बद्धयता के साथ आसन और प्राणायाम के साथ-साथ क्लास रूम में योग के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने पर सभी बंदियो को एक सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा ताकि वे जेल से बाहर जाने के बाद योग करवाने की सेवा दे सकें।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
