चंडीगढ़, 28 जनवरी: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 2024 के अपने एनुअल अवॉर्ड्स के विजेताओं का ऐलान कर दिया है, जिसमें क्रिकेट जगत के लिए सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड ‘ICC क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ का ताज भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के सिर सजा है। बुमराह ने इस साल अपनी शानदार गेंदबाजी से क्रिकेट जगत में एक नई मिसाल पेश की, जिसके बाद वह इस अवॉर्ड के विजेता बने।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस अवॉर्ड के लिए चार प्रमुख खिलाड़ियों के नाम चर्चा में थे, जिनमें बुमराह के साथ इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट, हैरी ब्रुक और ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड का नाम भी शामिल था। बुमराह के नाम पर यह अवॉर्ड आने से क्रिकेट फैंस के बीच खुशी का माहौल है।
2024 में बुमराह का करिश्माई प्रदर्शन
जसप्रीत बुमराह के लिए 2024 एक यादगार साल साबित हुआ। भले ही उन्होंने वनडे क्रिकेट नहीं खेला, लेकिन टेस्ट और टी20 क्रिकेट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 2024 में भारतीय टीम को 17 साल बाद T20 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस टूर्नामेंट में बुमराह ने 8 मैचों में 4.17 की इकॉनमी रेट से रन खर्च किए और 15 विकेट हासिल किए, जिसमें वह सबसे किफायती गेंदबाज रहे। इसके अलावा, विकेट लेने के मामले में भी वह तीसरे स्थान पर रहे।
टेस्ट क्रिकेट में भी बुमराह का दबदबा
बुमराह ने टेस्ट क्रिकेट में भी जबरदस्त प्रदर्शन किया। 2024 में उन्होंने कुल 13 टेस्ट मैच खेले और 14.92 की शानदार औसत से 71 विकेट चटकाए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ, वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। उन्होंने भारत में इंग्लैंड और बांग्लादेश के खिलाफ टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई, और साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।
आईसीसी अवॉर्ड्स में बुमराह का डबल खिताब
जसप्रीत बुमराह को ICC क्रिकेटर ऑफ द ईयर के साथ-साथ ICC टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर भी चुना गया है। यह पहली बार है जब भारत के किसी तेज गेंदबाज ने ये प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स जीते हैं। बुमराह, दुनिया के तीसरे गेंदबाज बने हैं जिन्होंने एक साल में दो ICC अवॉर्ड्स अपने नाम किए हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
