Thursday , 3 September 2026
यमुनानगर में फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या

यमुनानगर में फाइनेंसर की गो*ली मारकर ह*त्या, 17 से ज्यादा राउंड फा*यरिंग से दहला मॉडल टाउन|

यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में गुरुवार सुबह एक फाइनेंसर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात मॉडल टाउन इलाके में उस समय हुई, जब फाइनेंसर जिम से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी की तरफ जा रहे थे। बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के मुताबिक, मॉडल टाउन स्थित जिम से बाहर निकलते ही फाइनेंसर हरभजन सिंह जैदी को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह अपनी कार में बैठने लगे, बदमाशों ने उनकी कनपटी पर गोली मारी और इसके बाद कई राउंड फायरिंग की। पुलिस को मौके से 17 से ज्यादा खाली खोल मिले हैं।

एसपी आवास से महज 300 मीटर दूर हुई वारदात

वारदात की जगह से करीब 300 मीटर की दूरी पर पुलिस अधीक्षक का आवास भी बताया जा रहा है। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। एसपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है।

बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हालांकि घटनास्थल के आसपास लगे कुछ CCTV कैमरे बंद बताए जा रहे हैं, जिसके चलते पुलिस को आसपास के दूसरे कैमरों की फुटेज भी जांचनी पड़ रही है।

न धमकी मिली, न किसी से रंजिश

पुलिस जांच में फिलहाल यह बात सामने आई है कि हरभजन सिंह को किसी तरह की धमकी भरी कॉल नहीं मिली थी और न ही उनकी किसी के साथ सीधी रंजिश की जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद पुलिस इस हत्याकांड को सामान्य वारदात नहीं मान रही है।

हरभजन सिंह के कुछ प्रभावशाली लोगों से करीबी संबंध होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इसी कड़ी को गैंगस्टर एंगल से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

क्राइम टीम के साथ STF भी जांच में जुटी

मामले की गंभीरता को देखते हुए यमुनानगर पुलिस की क्राइम टीम के अलावा अंबाला STF ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे कौन सा गैंग या शूटर गिरोह हो सकता है।

पुलिस मौके से मिले खोल, CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जांच में जेल में बंद किसी गैंगस्टर से जुड़े एंगल को भी खंगाले जाने की बात सामने आ रही है।

रोजाना जिम और पार्क आते थे हरभजन सिंह

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हरभजन सिंह रोजाना मॉडल टाउन के पार्क और जिम में आते थे। गुरुवार सुबह अचानक गोलियों की आवाज सुनकर लोगों को पहले लगा कि शायद बाइक के पटाखे जैसी आवाज है। लेकिन जब फायरिंग की जानकारी मिली तो इलाके में हड़कंप मच गया।

वारदात के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने यमुनानगर की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इस सनसनीखेज हत्याकांड के आरोपियों और वारदात के पीछे की असली वजह तक पहुंच पाती है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *