पानीपत में स्वतंत्रता दिवस का भव्य जश्न | मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने फहराया तिरंगा, परेड की ली सलामी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पानीपत: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पानीपत के शिवाजी स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया।
समारोह से पहले मंत्री कृष्ण लाल पंवार जिला सचिवालय स्थित शहीद स्मारक पहुंचे। यहां उन्होंने अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को नमन किया।
इसके बाद शिवाजी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में मंत्री ने तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान के बीच पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में नजर आया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और विभिन्न टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली।
अपने संबोधन में कृष्ण लाल पंवार ने देशवासियों और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी हमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान के कारण मिली है। ऐसे में नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
समारोह के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों सहित बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
