Sunday , 9 August 2026
Harayana News: CM नायब सैनी ने कांग्रेस, AAP और पेपर लीक पर साधा निशाना, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस दोहराया

हरियाणा में सड़कों को लेकर CM सैनी सख्त, देरी करने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट; ‘हमारी सड़क’ शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

चंडीगढ़, 8 अगस्त: हरियाणा में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि काम की गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुख्यमंत्री शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में 10 प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्ष 2025-26 के सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न विभागों और विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

काम में देरी हुई तो ठेकेदारों पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और मरम्मत के सभी प्रोजेक्ट निर्धारित समय में पूरे होने चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि तय समय-सीमा में काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी पाए जाने पर FIR दर्ज कराने और संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने जैसी कार्रवाई भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण में केवल काम पूरा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित करनी होगी।

‘हमारी सड़क’ ऐप की शिकायतों का तुरंत समाधान

बैठक में मुख्यमंत्री ने ‘हमारी सड़क’ मोबाइल ऐप की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों द्वारा सड़कों के गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को लेकर दर्ज कराई जाने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि गड्ढों की मरम्मत जल्द कराई जाए और मरम्मत के बाद उसकी रिपोर्ट ऐप पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि शिकायतों के समाधान या उनकी रिपोर्टिंग में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश की सभी सड़कों की होगी मैपिंग

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को प्रदेश की सड़कों की व्यापक मैपिंग कराने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य प्रत्येक सड़क की स्थिति, मरम्मत और रखरखाव से जुड़ा रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से तैयार करना है।

उन्होंने अधिकारियों से सड़क परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।

रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं पर तेजी

बैठक में रेलवे के कारण प्रभावित या लंबित सड़क परियोजनाओं की भी समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री ने ऐसी सभी परियोजनाओं की अलग सूची तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय कर अड़चनों को जल्द दूर किया जा सके। उन्होंने ROB और RUB से जुड़े निर्माण कार्यों को भी तेजी से पूरा करने पर जोर दिया।

औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर सड़क ढांचा तैयार करने को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें उद्योगों और व्यापार के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराती हैं और इससे निवेश के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।

तारकोल नहीं मिले तो सीमेंटेड सड़क बनाएं

सड़क निर्माण के लिए बिटुमेन यानी तारकोल की उपलब्धता को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी परियोजना में समय पर तारकोल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है तो निर्माण कार्य रोकने के बजाय सीमेंटेड सड़क यानी CC रोड के विकल्प पर काम किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में विकास कार्यों की रफ्तार प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *