चंडीगढ़, 21 जुलाई — हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर जोर देकर कहा कि भारत के हर व्यक्ति और प्रत्येक स्कूल में श्रीमद्भागवत गीता पढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गीता केवल एक धर्मग्रंथ नहीं बल्कि हमारी संस्कृति, हमारा धर्म और हमारी विचारधारा का आधार भी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मीडिया से बातचीत में मंत्री विज ने कहा, “हरियाणा की धरती भगवान श्रीकृष्ण की वह भूमि है, जहां उन्होंने अर्जुन को गीता का ज्ञान दिया था। इसलिए हरियाणा के बच्चों का अधिकार है कि वे इस ज्ञान से परिचित हों। गीता पढ़ाई जानी चाहिए ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जड़ों से जुड़ी रहे।”
राहुल गांधी पर तीखे वार
मंत्री अनिल विज ने विपक्षी नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा, “राहुल गांधी जी को देश के 140 करोड़ लोगों पर विश्वास नहीं है, न ही देश की सेना और प्रधानमंत्री पर। उनका भरोसा केवल पाकिस्तान पर है। जो भी वे कहते हैं, वह पाकिस्तान की सोच का समर्थन करता है।”
उन्होंने राहुल गांधी के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष बार-बार अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान युद्धविराम वार्ता कराने के दावे करता रहा, जबकि प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री दोनों ने इसे खारिज किया है। विज ने तंज कसते हुए कहा, “अगर हमारी बात माननी नहीं, तो कम से कम पाकिस्तान की बात मान लो।”
पहलगाम आतंकी हमले पर जवाब
पहलगाम आतंकी हमले के संदर्भ में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सवाल पर मंत्री ने कहा, “हमने आतंकियों के ठिकानों को नष्ट कर दिया है, एयर डिफेंस सिस्टम भी तबाह किया है। खड़गे जी यदि किसी खास मामले या व्यक्ति का नाम लें, तो हम भी उसका जवाब देंगे।”
सड़क सुरक्षा पर गंभीर चेतावनी
पार्किंग व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर बात करते हुए अनिल विज ने कहा कि कुछ लोग रेहड़ी-रिक्शा लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, जो सराहनीय है। लेकिन उन्होंने साफ किया कि सड़क पर किसी भी तरह का अवरोध नहीं होना चाहिए। उन्होंने अंबाला में हुए एक दर्दनाक हादसे का उदाहरण देते हुए कहा कि लंगर के कारण सड़क अवरुद्ध थी, जिसके चलते ट्रक ने एक व्यक्ति को कुचल दिया। मंत्री ने लोगों से अपील की कि सड़क से हटकर अपना काम-काज करें ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
