चंडीगढ़, 20 जुलाई 2025 — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश की जनता ने तीसरी बार लगातार सरकार बनाकर जो विश्वास जताया है, उसका जवाब सरकार तेज गति से विकास और समाज के हर वर्ग के उत्थान से देगी। उन्होंने कहा, “काम में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। विपक्ष के दुष्प्रचार से घबराने की जरूरत नहीं, बल्कि तथ्यों से जवाब दें।”
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री संत कबीर कुटीर में पिछड़ा वर्ग समाज द्वारा आयोजित “धन्यवाद कार्यक्रम” में बोल रहे थे। यह कार्यक्रम सरकार की ओर से पिछड़े वर्ग के लिए लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं के लिए आभार प्रकट करने हेतु आयोजित किया गया था।
सैनी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में पिछड़ा वर्ग के बैकलॉग को “योग्य उम्मीदवार नहीं हैं” कहकर खाली छोड़ दिया जाता था, जबकि उनकी सरकार ने इसी वर्ग से डॉक्टर, प्रोफेसर और इंजीनियर तक भर्ती कर यह साबित कर दिया कि पिछड़ा वर्ग हमेशा से सक्षम रहा है, बस पहले की सरकारों की नियत में खोट थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में CET परीक्षा (26-27 जुलाई) के लिए अभ्यर्थियों को केंद्र तक फ्री बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। खासकर लड़कियों को एक अभिभावक के साथ जाने की अनुमति दी गई है, जिससे सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित हो सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य में पढ़ाई और नौकरी का माहौल बदला जा रहा है, और सारी भर्तियां मेरिट के आधार पर की जा रही हैं। साथ ही, वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मार्गदर्शन लेकर पूरे प्रदेश में समान विकास का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।
कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा और राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने भी पिछड़े वर्ग के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया और मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए फैसलों की सराहना की।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
