अंबाला, 3 जुलाई 2025 : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज अंबाला छावनी में लोगों की समस्याएं सुनते हुए कई बड़े निर्देश जारी किए। सबसे अहम निर्णय अंबाला से मुलाना तक महिलाओं के लिए अलग बस सेवा शुरू करने का रहा, जिससे महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मिल सकेगा। यह मांग वार्ड नंबर 27 के पार्षद द्वारा उठाई गई थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जनसुनवाई के दौरान श्री विज ने पुलिस, बिजली और जलापूर्ति से जुड़ी कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया। रेलवे रोड निवासी द्वारा 11 वर्षीय बच्चे के गायब होने की शिकायत पर उन्होंने डीएसपी को तुरंत मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू करने के निर्देश दिए।
बिजली चोरी के मामले में बब्याल की विजय नगर कॉलोनी के एक घर में बकाया बिल के बावजूद बिजली इस्तेमाल हो रही थी। अनिल विज ने बिजली विभाग को एफआईआर दर्ज कर बिजली चोरी की रिकवरी करने और सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया।
वार्ड नंबर 19 में जलापूर्ति की खराब स्थिति पर उन्होंने जल विभाग को निर्देश दिए कि नियमित और तय समय पर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा वार्ड 29 में हुई चोरी की शेष बरामदगी, स्कूल फीस, मेडिकल बिल प्रतिपूर्ति, और प्रदूषण से जुड़ी समस्याओं पर भी संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस जनसुनवाई में नगर परिषद, पुलिस, ऊर्जा, पीएचई, परिवहन, पीडब्ल्यूडी व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
