पंचकूला: पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए देशभर में लूट, डकैती, हत्या और चोरी जैसी 30 से अधिक गंभीर वारदातों को अंजाम देने वाले ‘गुलैल गैंग’ का पर्दाफाश किया है। यह गैंग मध्यप्रदेश के जंगलों और आदिवासी इलाकों से ताल्लुक रखता है और ‘बाला गैंग’ के नाम से भी कुख्यात है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डीसीपी क्राइम अमित दहिया के नेतृत्व में सेक्टर-26 क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। गिरोह के सदस्य अत्यंत शातिर और खतरनाक अपराधी हैं, जो वारदात के बाद जंगलों में छिप जाते थे और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज़ का इस्तेमाल नहीं करते थे, जिससे उनकी ट्रैकिंग मुश्किल होती थी।
टैटू बना पहचान की चाबी
गैंग की पहचान एक आरोपी के शरीर पर बने विशेष टैटू के आधार पर की गई, जो सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया था। पंचकूला में एक घटना के दौरान जागरूक नागरिकों की मदद से आरोपी सूजान को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार हुआ।
खास रणनीति से देते थे वारदातों को अंजाम
डीसीपी दहिया के अनुसार, यह गिरोह वारदात से पहले रेकी करता था। गैंग के सदस्य ट्रेन से सफर करते थे और घटना से पहले शराब पीकर खुद को हिंसक मानसिक स्थिति में लाते थे। किसी भी घर में घुसने पर वे परिवार को एक कमरे में बंद कर देते थे और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने से नहीं चूकते थे। पुलिस या लोगों से भिड़ंत की स्थिति में वे गुलैल, लोहे की रॉड और घातक हथियारों का इस्तेमाल करते थे।
हरियाणा सहित कई राज्यों में मामले दर्ज
इस गैंग के खिलाफ हरियाणा, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में संगीन अपराधों के दर्जनों मामले दर्ज हैं। करीब एक महीने पहले फरीदाबाद में इन्होंने 40 लाख की डकैती की थी। पंचकूला में भी कई स्थानों पर वारदात की कोशिश की गई, लेकिन स्थानीय सतर्कता और पुलिस की चुस्ती के चलते गैंग सफल नहीं हो सका।
पुलिस की अपील और आगामी कार्रवाई
डीसीपी क्राइम ने अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय बनाकर आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेने और लूट की रकम की बरामदगी सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही, पंचकूला पुलिस मध्यप्रदेश पुलिस के साथ मिलकर बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाएगी।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
